Site icon Buziness Bytes Hindi

कौन जीतेगा आज रात की जंग?

 

भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट फैंस के लिए आखिरकार वह दिन आ ही गया जिसका उन्हें पिछले 10 महीनों से इंतज़ार था, इस दिन का भारतीय क्रिकेट फैंस खासकर इंतज़ार कर रहे थे क्योंकि 10 महीने पहले दुबई में ही टी 20 विश्व कप के दौरान भारत को किसी ICC विश्व कप में पडोसी पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, आज शाम साढ़े सात बजे दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में जब एशिया कप का दूसरा मैच इन दोनों चिरप्रतिद्वन्दियों के बीच होगा तो भारतीय फैंस को बदले का इंतज़ार रहेगा। इंतज़ार तो इस मैच का पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस को है क्योंकि इन दोनों देशों के बीच यह सिर्फ एक मैच न होकर मान प्रतिष्ठा का सवाल होता है. हालाँकि खिलाडियों में ऐसी कोई भावना नहीं होती लेकिन दोनों देशों में मैच के दौरान जीवन थम सा जाता है, क्या नेता और क्या अभिनेता, जिन्हें क्रिकेट से कोई भी वास्ता नहीं वो भी स्कोर पूछते हुए नज़र आते हैं. 

हम यहाँ पर दोनों देशों के बीच रिकार्ड्स पर चर्चा नहीं करेंगे, उसपर तो काफी चर्चा हो चुकी और सभी जानते हैं कि भारत बहुत भारी है. हम यहाँ पर सिर्फ आज के मैच में क्या हो सकता है इसकी बात करेंगे। बात अगर दोनों टीमों की करें तो दोनों ही टीमें अपने कुछ मुख्य खिलाडियों की सेवाओं से महरूम हैं. जसप्रीत बुमराह और शाहीन आफरीदी दोनों ही अपनी टीमों के spearhead माने जाते हैं, पाकिस्तान की हालत कुछ ज़्यादा ही खराब है क्योंकि उनके दूसरे तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद वसीम जूनियर भी ऐन मौके पर अनफिट होकर एशिया कप से बाहर हो गए. एक तरह से कह सकते हैं कि पाकिस्तानी आक्रमण की धार कुंद हो गयी है, हालाँकि यह सिर्फ 20 ओवरों का मैच है इसलिए और एक गेंदबाज़ को सिर्फ 4 ओवर ही फेंकना होते हैं तो टीम अपने दूसरे गेंदबाज़ों से बोलिंग कोटे को मैनेज कर सकती है, सिर्फ दो घंटे अच्छी गेंदबाज़ी करने की बात होती है. 

Read also: एशिया कप: अफ़ग़निस्तान ने श्रीलंका को हराया नहीं कूटा है

भारतीय गेंदबाज़ी की बात करें तो वो पाकिस्तान से बहुत बेहतर मालूम पड़ती है. अर्शदीप, आवेश, रवि बिश्नोई, अश्विन, जडेजा, चहल और हार्दिक पांड्या सभी बहुत अच्छी लय में हैं. अनुभवी भुवनेश्वर कुमार का एक्सपीरियंस सोने पर सुहागा है, टीम का बोलिंग कॉम्बिनेशन क्या होगा यह तो शाम को ही पता चलेगा लेकिन जो भी होगा, माना जा सकता ही कि पाकिस्तान से अच्छा ही होगा।

भारत की बल्लेबाज़ी की बात करें तो विराट कोहली की एक महीने ब्रेक के बाद वापसी हुई है, उपकप्तान के एल राहुल भी टीम में आ चुके हैं, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, दीपक हुड्डा सब एक्स बढ़कर एक. कोहली और राहुल को छोड़कर सभी बल्लेबाज़ सुपर फॉर्म में हैं. कोहली और राहुल का खेलना मस्ट है इसलिए सेलेक्टर्स किस बल्लेबाज़ को छोड़ेंगे यह एक पेचीदा सवाल है. टीम कॉम्बिनेशन की अगर बात करें तो भारत के पास जितने भी आलराउंडर हैं सबके सब अच्छे बल्लेबाज़ हैं ऐसे में कम से कम दो आल राउंडर के साथ टीम ज़रूर जाएगी, चूँकि दुबई की पिच स्पिनर्स को काफी हेल्प करती  है तो तीन आल राउंडर्स को रोहित शर्मा मैदान में उतार सकते हैं. खैर कॉम्बिनेशन ऐसा कोई बड़ा मसला टीम के लिए नहीं है, वैसे कल कप्तान राहुल ने नए प्रयोग की बात कही थी, अब देखना होगा कि वह नया प्रयोग क्या होगा। 

Read also: पाकिस्तान के खिलाफ निडर क्रिकेट खेलेंगे: रोहित शर्मा

पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की बात करें तो उनका टॉप आर्डर बाबर, रिज़वान और फखर किसी भी टीम के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. पिछले कुछ सालों  से इन्हीं लोगों पर पाकिस्तानी बल्लेबाज़ी निर्भर कर रही है. पाकिस्तान का मिडिल आर्डर लगातार संघर्ष करता आ रहा है, पाकिस्तान  ने इस मामले में बहुत से प्रयोग किये लेकिन अभी तक वह अपने मिडिल आर्डर में स्थायित्व नहीं ला सकी है. पाकिस्तान के पास इस टीम में आसिफ अली और खुशदिल शाह जैसे कुछ बिग हिटर हैं जो किसी भी मैच का पासा कुछ ही गेंदों में पलट सकते हैं. शाहीन और वसीम की इंजरी के बाद टीम में अनुभवी हसन अली की वापसी हुई है, भारत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड भी अच्छा है लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म काफी खराब है और इसलिए उन्हें टीम से ड्राप करके हाई परफॉरमेंस सेंटर में अपने गेंदबाज़ी में सुधार लाने के लिए भेजा गया था लेकिन किस्मत उनके साथ है ऐसे हालत बने कि वह टीम में वापस आ गए. भारत के खिलाफ वह खेलेंगे या नहीं अभी कहना  मुश्किल है क्योंकि उन्हें अचानक कॉल किया गया था. टीम के अन्य गेंदबाज़ों में नसीम शाह का खेलना यकीनी लग रहा है, पिछले कुछ मैचों में वह सफ़ेद गेंद से बढ़िया गेंदबाज़ी कर रहे हैं, हारिस रऊफ, शाहनवाज़ धानी और मोहम्मद हसनैन काफी तेज़ है. स्पिन डिपार्टमेंट की ज़िम्मेदारी उपकप्तान शादाब खान और मोहम्मद नवाज़ संभालेंगे। 

कौन सी टीम जीतेगी, इसके बारे में पहले से कहना काफी मुश्किल है लेकिन अगर दोनों टीमों पर नज़र दौड़ाई जाय तो भारतीय टीम बीस नज़र आती है. इसके बावजूद टी 20 क्रिकेट ऐसा फॉर्मेट  है जिसमें पूरा समय खिलाडियों पर दबाव रहता है. एक अच्छा ओवर, जिसमें रन भी लग सकते हैं और विकेट भी गिर सकते हैं पूरे मैच का नक्शा बदलकर रख देता है, वापसी की गुंजाईश बहुत कम रहती है. ऐसे में जिस टीम के खिलाडी मैच के दबाव को अच्छी तरह से हैंडल कर लेते हैं उन्हें कामयाबी मिलने की सम्भावना ज़्यादा रहती है, वैसे भी भारत और पाकिस्तान के मैच में दबाव कुछ अतिरिक्त ही होता है और यही दबाव ही दोनों टीमों के बीच मैच में जंग जैसी हालत पैदा कर देता है और दोनों ही टीमों के फैंस को इसी जंग का इंतज़ार रहता है. चलिए देखते हैं आज रात यह जंग कौन जीतता है?

Exit mobile version