मेरठ में एक प्रतिष्ठित प्लाईवुड कंपनी में आज आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान कंपनी में हड़कंप मच गया। आयकर विभाग की इस टीम में मेरठ ही नहीं दिल्ली और गाजियाबाद के भी आयकर अधिकारी शामिल हैं।
मेरठ। महानगर के प्रतिष्ठित प्लाईवुड व्यापारी हरीश प्लाईवुड (Reputed Plywood Trader Harish Plywood) के प्रतिष्ठानों पर आज सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की। छापेमारी में आयकर विभाग की कई टीमें शामिल हैं। आयकर विभाग की इस छापेमारी से जहां हरीश प्लाईवुड के मालिकों के बीच हड़कंप मच गया वहीं दूसरी ओर महानगर के अन्य व्यापारियों में भी खलबली मच गई। हरीश प्लाईवुड के नाम से प्रतिष्ठान दिल्ली रोड पर स्थित है। आज सुबह प्रतिष्ठान खुलते ही आयकर विभाग की कई टीमें एक साथ पहुंची ओर यहां पर छापेमारी कार्रवाई शुरू कर दी। हरीश प्लाईवुड के मालिकों मनीष और सुधीर पर आयकर चोरी और आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप बताया जाता है। विभागीय जानकारी के अनुसार इसी के तहत आयकर विभाग की टीम ने ये कार्रवाई की है। आज सुबह 11:30 बजे आयकर की टीम हरीश प्लाईवुड पर पहुंची। आयकर विभाग की टीम में मेरठ के अलावा गाजियाबाद और दिल्ली से भी अधिकारी शामिल थे। टीम ने दुकान के खुलते ही भीतर धावा बोल दिया।
Read also: यूपी: आयकर विभाग ने की कारोबारी के यहां छापेमारी, 4.5 करोड़ रुपये की नकदी जब्त
टीम के अधिकारियों ने अपना परिचय दिया और फिर अपनी कार्रवाई शुरू की। इस दौरान आयकर टीम (Income Tax Raid) ने दुकान में रखे सभी कागजी दस्तावेज और फाइलों का अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान दुकान के भीतर से किसी को बाहर नहीं जाने दिया। वहीं सभी के मोबाइल भी टीम ने अपने कब्जे में ले लिए। हरीश प्लाईवुड के संचालक मनीष और सुधीर से भी टीम ने पूछताछ की। हालांकि टीम के अधिकारियों ने अभी कुछ खास जानकारी नहीं दी है। छापेमार कार्रवाई अभी चल रही है। आयकर विभाग के अन्य अधिकारी भी हरीश प्लाईवुड पर पहुंच गए हैं।

