Site icon Buziness Bytes Hindi

39 घंटे बाद पूरी हुई आयकर विभाग की जांच


39 घंटे बाद पूरी हुई आयकर विभाग की जांच

श्यामा ज्वैलर्स के दो शोरूमों और आवास पर आयकर विभाग ने की छापे की कार्रवाई

मेरठ में अब तक की सबसे लंबी कार्रवाई रही आयकर विभाग की

मेरठ। महानगर के श्यामा ज्वैलर्स के दो शोरूमों और आवास पर आयकर विभाग की जांच 39 घंटे बाद पूरी हुई। इस कार्रवाई में आयकर विभाग को करोड़ों का सोना और बेहिसाब नकदी मिलने की चर्चाएं हैं। इस कार्रवाई में कानपुर, गाजियाबाद और नोएडा के आयकर विभाग के अफसर शामिल थे।

मेरठ में खेमचंद पवन कुमार सराफा प्राइवेट लिमिटेड के 22 ठिकानों पर आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने छापा मारकर जांच शुरू की थी। श्यामा ज्वैलर्स सदर बाजार के दो शोरूमों और आवास पर आयकर विभाग कानपुर की इन्वेस्टीगेशन विभाग की टीमों लगातार जांच-पड़ताल में जुटी हुई थी। कानपुर, गाजियाबाद और नोएडा आयकर विभाग की संयुक्त टीम में एक डायरेक्ट तथा छह डिप्टी डायरेक्टरों के साथ 50 सदस्य शामिल रहे। संयुक्त टीम ने ज्वैलर्स के व्यापार-कारोबार से संबंधित दस्तावेज, बैंक खातों, लेन-देन आदि की बारीकी से छानबीन की।

बताया जा रहा है कि 39 घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग ने करीब 150 किलो अघोषित सोना और करीब 2 करोड़ अघोषित नकदी बरामद की हैं। बेहिसाब दौलत की तलाश में आयकर विभाग की टीम ने सराफ का घर-दफ्तर की दीवारों से लेकर फर्श तक तोड़ दिया है। हालांकि बरामदगी को लेकर कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी हैं। वहीं सर्राफ की ओर से भी कोई बयान मीडिया को जारी नहीं किया गया है।
कानपुर से आए डिप्टी डायरेक्टर आयकर, मेरठ के सहायक निदेशक सिस्टम राजीव प्रसाद सहित गाजियाबाद और दिल्ली के अधिकारियों ने वेस्ट एंड रोड व विश्व एंकलेव स्थित घर, तेजपाल एंक्लेव स्थित सराफ के सीए के घर और सदर सराफा बाजार स्थित दो प्रतिष्ठानों की जांच की कमान संभाली।

अकूत संपति में भागीदारों पर टिकी आयकर विभाग की निगाह
बताया जा रहा है कि श्यामा ज्वैलर्स के मालिक प्रसिद्ध सर्राफ खेमचंद्र पवन कुमार की लावड़, बहसूमा, मवाना सहित शहर के बाहरी क्षेत्रों में भी बेहिसाब संपत्ति है। वहीं आयकर विभाग की निगाह सर्राफ के पार्टनरों पर भी लगी हुई है। सूत्रों के अनुसार सर्राफा कारोबारी ने शहर के पूर्व सिनेमाघर संचालक, मसाला व्यवसायी और शहर के तीन प्रमुख बिल्डरों के साथ कई प्रोजेक्ट पर काम किया है। सराफ की आबूलेन, बच्चा पार्क सिटी सेंटर, शास्त्रीनगर, साकेत आदि क्षेत्रों में भी संपत्ति होने की बात सामने आ रही है। आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद सर्राफ के पार्टनरों और सर्राफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।

Exit mobile version