18 मार्च को मंत्री कपिल देव अग्रवाल करेंगे युवाओं को प्रोत्साहित
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय (IIMT University) , गंगानगर, मेरठ के विशाल प्रांगण में आयोजित किये जा रहे वृहद रोजगार मेला का शुभारंभ आज सुबह 18 मार्च को 10 बजे किया जायेगा। यह रोजगार मेला हजारों युवाओं को नौकरी प्राप्त करने का अवसर प्रदान करेगा। वहीं रोजगार मेले के पहले दिन श्री कपिल देव अग्रवाल मा0 मंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवमं कौशल विकास युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिये पहुुंचेंगे।
आईआईएमटी विश्वविद्यालय (IIMT University), गंगानगर में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, कौशल विकास मिशन एवं आईआईएमटी विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में दिनांक 18 मार्च 2021 (तकनीकी रिक्ति) तथा 19 मार्च 2021 (गैर तकनीकी रिक्ति) हेतु प्रातः दस बजे से वृहद रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिये आज आईआईएमटरी विश्वविद्यालय (IIMT University) के सेमिनार हाॅल में आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेला आयोजन से संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गयी। बैठक को संबोधित करते हुुए आईआईएमटी विश्वविद्यालय (IIMT University) के कुलपति प्रो. मनोज कुमार मदान ने मेला आयोजन को लेकर की गयी व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देश के विषय में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेला आयोजन में आईआईएमटी विश्वविद्यालय (IIMT University) की ओर से सारी व्यवस्थाएं की जा चुकी हैं। मेला को सफल बनाने के लिये विवि प्रबंधन व कर्मचारी पूर्णतया तत्पर और संकल्पित हैं।
श्री शशिभूषण उपाध्याय, सहायक निदेशक, सेवायोजन कार्यालय ने बैठक में कहा कि रोजगार मेले को सफल बनाने के साथ कोविड गाइडलाइन का पालन जैसे मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाये रखना और सैनेटाईजेशन का भी पूर्णतया ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में प्रतिदिन 8-10 हजार युवाओं के आने की संभावना है। इनके रजिस्ट्रेशन और प्रत्येक जानकारी देने के लिये 21 हेल्पडेस्क बनायी गयी हैं। मेले में आने वाली महिला अभ्यर्थियों के लिये 4 हेल्पडेस्क होंगी जिन पर मौजूद तैनात महिलाकर्मी रजिस्ट्रेशन करायेंगी। कंट्रोल रूम से समय-समय पर जानकारी देने के अलावा जगह-जगह पर नियुक्त आईआईएमटी/सरकारी कर्मी अभ्यर्थियों को सहयोग प्रदान करेंगे।
श्री पी0 पी0 अत्रि, प्रधानाचार्य, आईटीआई कौशल विकास मिशन ने कहा कि रोजगार मेले में आने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को अपने परिवार का हिस्सा मानकर उसे सहयोग करें। सभी कर्मी अपनीे जिम्मेदारियां निभाने के साथ अभ्यर्थियों की प्रत्येक समस्या का समाधान करने को तत्पर रहें। इस मेले में लगभग 2500 युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह रोजगार मेला अपने सफल आयोेजन से प्रदेश में जिले का नाम रोशन करेगा।
बैठक में जिला रोजगार सहायक अधिकारी श्री विपिन कुमार, श्री अशोक कुमार रजिस्ट्रार आईआईएमटी विश्वविद्यालय (IIMT University) , मीडिया प्रभारी श्री बनी सिंह चैहान, सुनील शर्मा आदि मौजूद रहे।

