बुधवार को राज्य में मिले 6054 नए कोरोना मरीज
देहरादून में 2329, हरिद्वार में 1178 नए मरीज मिले
देहरादून। उत्तराखंड में जानलेवा होते जा रहे कोरोना ने बुधवार को 108 मरीजों की जान ले ली जो एक नया रिकार्ड है। वहीं आज नये मरीजों की मिलने की संख्या का भी एक नया रिकार्ड बना और एक ही दिन में 6054 नए कोरोना मरीज मिले हैं। कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देहरादून में आज 2329 नये मरीज मिले हैं। कुुंभनगरी हरिद्वार में हालात भयावह रहे और बुधवार को 1178 नए मरीज मिले हैं।
उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण की दर 4.54 प्रतिशत और रिकवरी रेट 69 प्रतिशत हो गया है। बढ़ते संक्रमण के साथ राज्य में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़ती जा रही है। अब राज्य में 213 कंटेनमेंट जोन बनाये जा चुके हैं जिनमें अकेले देहरादून में 55 कंटेनमेंट जोन हैं। बुधवार को राज्य में पहली बार एक ही दिन में 108 संक्रमित मरीजों की मौत होने के बाद राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 2417 हो गयी है। देहरादून में 16 हजार जबकि हरिद्वार में 10 हजार से अधिक एक्टिव मरीज हो गए हैं। वहीं आज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 3485 मरीज ठीक होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज किए जाने से थोड़ी राहत मिली है।
वहीं उत्तराखंड की राजधानी देहरादून, रुड़की, हरिद्वार,कोटद्वार आदि शहरों के बाद अब प्रशासन ने अब देहरादून जिले में डोईवाला, हबर्टपुर, विकासनगर और मसूरी नगर पालिका क्षेत्र में कोविड कर्फ्यू लगा दिया गया है। इन इलाकों में कर्फ्यू का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। देहरादून जिले में देहरादून नगर क्षेत्र और ऋषिकेश नगर पालिका क्षेत्र में बीते सोमवार शाम सात बजे आने वाले सोमवार सुबह पांच बजे तक कोविड कर्फ्यू लगाया गया है।

