Site icon Buziness Bytes Hindi

हरियाणा में किसानों ने किया बवाल, पुलिस पर पथराव, गाड़ियां तोड़ी

रेवाड़ी। हरियाणा में चल रही खाद की भारी किल्लत से परेशान किसानों ने आज महेन्द्रगढ़ जिले में जाम लगा दिया। वहां पहुंची पुलिस ने जब जाम खुलवाने का प्रयास किया तो आक्रोशित किसानों ने पुलिसबल पर पथराव कर दिया। दो पुलिसकर्मी घायल हो गये तो पुलिस को मैदान छोड़ना पड़ा। हालांकि बाद में मौके पर भारी संख्या में पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला जो जाम लगाने वाले भाग खड़े हुए।

Read also: दिल्ली सरकार किसानों को फसल के नुकसान के लिए 50 हजार रुपये देगी

गौरतलब है कि खाद की कमी से पूरा हरियाणा जुझ रहा है। खासकर दक्षिणी हरियाणा के जिले गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़ व चरखी-दादरी में पिछले 20 दिनों से किसान डीएपी न मिल पाने से परेशान है। शुक्रवार को किसानों ने जाम लगा कर खाद दिलाने की मांग की। जाम की सूचना मिलने पर पहुंचे डायल 112 की गाड़ी को देखकर लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची एक पीसीआर को भी किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ा और लोगों ने उसके शीशे तोड़ दिये। करीब 150 लोगों के एक साथ हमला किये जाने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गये। हंगामा काबू से बाहर होता देख पुलिसकर्मियों ने दुकानों में छिपकर जान बचाई। 15 मिनट तक पुलिस पर पथराव चलता रहा। इसके बाद भारी पुलिसबल मौके पर पहुंचा तो लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौके पर मौजूद बाइकों को कब्जे में लेते हुए उपद्रवियों की तलाश शुरू कर दी है। मौके पर भारी संख्या में पुलिसबल तैनात कर दिया गया है।

Read also: मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर में दो किसानों की मौत

गौरतलब है कि हरियाणा में खाद की कमी से जुझ रहे किसान हर दिन हंगामा कर रहे हैं। महेन्द्रगढ़ में गुरुवार को भी लोगों ने जाम लगाया था। वहीं नारनौल व चरखी-दादरी में किसान मंडी के गेट पर ताला जड़कर किसान विरोध प्रकट कर चुके हैं। हालात यहां तक बिगड़ चुके हैं कि रेवाड़ी व नारनौल के खाद केन्द्रों पर पुलिस तैनात करनी पड़ रही है। प्रशासन के पर्याप्त खाद मौजूद होेने के दावों के बीच लोग खाद पाने के लिये आधी रात को ही डीएपी केंद्रों पर लाइन लगा कर खड़े हो जाते हैं।

Exit mobile version