इस्लामाबाद। पाकिस्तान में हुए उपचुनाव में देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए खुशखबरी लेकर आए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने उपचुनावों में छह नेशनल असेंबली और दो पंजाब विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की है। माना जा रहा है इन उपचुनावों के इन परिणामों से आम चुनावों के लिए इमरान का रास्ता साफ हो जाएगा। ये उपचुनाव असली मायनों में पाकिस्तान के प्रमुख राजनीतिक दलों की परीक्षा माने जा रहे थे।
देश में पहली बार इमरान सात सीटों से खुद ही लड़ रहे थे। पीटीआई ने आठ में छह नेशनल असेंबली सीटों पर जीत हासिल की है। पीटीआई प्रमुख इमरान ने सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवारों को हराकर मर्दन,पेशावर, फैसलाबाद, चारसद्दा और ननकाना साहिब की सीटें जीतीं हैं। हालांकि, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी मुल्तान में एक महत्वपूर्ण नेशनल असेंबली सीट भी हार गई है। जहां पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बेटे अली मूसा ने पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद की बेटी मेहर बानो कुरैशी को हराया।
रिपोर्ट्स के अनुसार,पीटीआई ने मर्दन नेशनल असेंबली सीट,खानेवाल प्रांतीय विधानसभा सीट से जीत हासिल की है। नतीजों के अनुसार सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज ने एक प्रांतीय विधानसभा सीट जीती है। लेकिन वह अन्य सीटों पर पीटीआई से पीछे ही चल रही थी। आठ नेशनल असेंबली सीटों और तीन प्रांतीय विधानसभा सीटों सहित कुल 11 सीटों पर उपचुनाव हुआ था।
पाकिस्तान चुनाव आयोग के आंकड़ों से पता चला कि विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के कुल 101 प्रत्याशी इस उपचुनाव में भाग ले रहे थे। जिसमें पंजाब में 52, सिंध में 33 और खैबर पख्तूनख्वा में 16 प्रत्याशी शामिल थे। उपचुनाव के लिए पंजाब में 1,434, खैबर पख्तूनख्वा में 979 और सिंध में 340 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

