न्यूयॉर्क। भारतीय मूल के विश्व प्रसिद्ध लेखक और उपन्यासकार सलमान रुश्दी की सेहत में कुछ सुधार हुआ है। उनको अब वेंटिलेटर से हटा दिया है। फिलहाल वह अब बातचीत भी कर रहे हैं। बता दें कि न्यूयॉर्क में एक कार्यक्रम के दौरान गत शुक्रवार रुश्दी पर एक युवक ने चाकू से कई बार वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस हमले में उनकी हाथ की नस फट गईं थी। वहीं रुश्दी के लीवर को भी नुकसान पहुंचा था। ईरानी कट्टरपंथियों द्वारा मौत का फतवा जारी होने के बाद से उन पर हमले की आशंका जताई जा रही थी। सलमान रुश्दी पर पश्चिमी न्यूयॉर्क में भाषण देने से पहले मंच पर हमला करने को लेकर दुनियाभर के लेखकों और देशों ने निंदा की है।
Read also: Death Threats: रुश्दी पर हमले के बाद अब हैरी पॉटर उपन्यास की लेखिका को मिली जान से मारने की धमकी
लेखक रुश्दी पर चाकू से हमला करने वाले 24 वर्षीय आरोपी हादी मतार शिया चरमपंथियों और ईरान की इस्लामी रिवोल्यूशरी गार्ड से प्रभावित है और उसका अनुकरण करता था। जानकारी के मुताबिक दावा किया गया है कि हमलावर न्यूजर्सी का निवासी है लेकिन पुलिस इस बात का जवाब तलाश रही है कि हमलावर ने इतनी बेरहमी से रुश्दी पर हमला आखिर क्यों किया। सलमान रुश्दी पर हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि मैं न्यूयॉर्क में सलमान रुश्दी पर हुए हमले के बारे में जानकर हैरान और दुखी हूं। हम, सभी अमेरिकियों और दुनियाभर के लोगों के साथ रुश्दी के स्वास्थ्य और जल्द ठीक होने के प्रार्थना कर रहे हैं। जिन्होंने सलमान रुश्दी के हमलावर को पकड़ने में तत्परता दिखाई है हम उनके आभारी हैं। फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने ट्वीट कर कहा है कि रुश्दी आजादी और रूढ़िवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी लड़ाई हम सबकी लड़ाई है। अब पहले से कहीं अधिक हम उनके साथ खड़े हैं। रुश्दी कायरता और बर्बरता वाले हमले का निशाना बने। यह लड़ाई दुनिया में किसी एक स्थान की नहीं बल्कि पूरे विश्व की है।
