Site icon Buziness Bytes Hindi

लम्बा पैसा चाहिए तो लम्बा निवेश कीजिये

long term

एक देहाती कहावत है कि जितना गुड़ डालोगे पकवान उतना ही मीठा होगा। निवेश भी कुछ वैसा ही होता है. आप अपनी बचत को गुड़ लगातार डालते रहिये, जब पकवान तैयार होगा तो बड़ा मीठा होगा मतलब मोटा पैसा मिलेगा। सीधे शब्दों में कहें तो आपके निवेश की अवधि जितनी लम्बी होगी आपका मुनाफा भी उतना ही बड़ा होगा। बाजार के जानकार भी हमेशा यही बात कहते हैं कि बाज़ार हमेशा लॉन्ग टर्म निवेशकों को ही फायदा देता है। अगर आप अल्पावधि के लिए बाज़ार में निवेशित होना चाहते हैं तो फिर निवेश न ही करें तो अच्छा है क्योंकि शार्ट टर्म में फायदा सिर्फ नसीब वालों को होता है, निवेशकों को नहीं.

दुनिया भर के बड़े बड़े निवेशक भी यही सलाह देते हैं कि बाज़ार से पैसा कमाना है तो 10 साल का समय ज़रूर लेकर आइये और सिर्फ समय ही नहीं बल्कि धैर्य भी साथ लाइए क्योंकि जब आप लॉन्ग टर्म के लिए निवेश करते हैं तो फिर बाजार के उतार चढाव से विचलित होने की ज़रुरत नहीं क्योंकि ये बाजार का नियम है कि ऊपर जाने के लिए नीचे जाना पड़ता है और कभी कभी ये ऊपर नीचे का खेल बहुत ज़्यादा होने लगता है और लम्बी अवधि की सोच रखने वाला निवेशक भी धैर्य खो बैठता है. अगर आप लम्बी अवधि के लिए निवेश करेंगे तो कम्पाउंडिंग का नियम आपको बहुत फायदा पहुंचाएगा और आपके निवेश को ऊपर की तरफ ले जायेगा.

आप किसी भी फण्ड हाउस का इक्विटी म्‍यूचुअल फंड रिटर्न चार्ट उठाकर देखिये तो अधिकांश में आपको लम्बी अवधि में ही ज़्यादा रिटर्न नज़र आएगा, यहाँ तक कि 5 साल का निवेश भी उतार चढाव से प्रभावित दिखता है लेकिन जब आप चार्ट में 10 साल या उससे ऊपर के आंकड़े देखते हैं तो आपको रिटर्न बहुत बेहतर नज़र आने लगते हैं और ये कम्पाउंडिंग के नियम की वजह से होता है, आपके निवेश में कम्पाउंडिंग ब्याज जुड़ता रहता है और आपका निवेश बढ़ता रहता है। इसलिए लम्बा पैसा चाहिए तो लम्बा निवेश कीजिये।

Exit mobile version