छत्तीसगढ़ देश का विशाल वनों से घिरा राज्य है। यह देश का 10वां सबसे बड़ा राज्य भी है। इस खूबसूरत राज्य का जिक्र रामायण और महाभारत जैसी पौराणिक कथाओं में भी मिलता है।
पारंपरिक इतिहास और प्राकृतिक विविधता के कारण यह राज्य अब धीरे-धीरे घरेलू और विदेशी पर्यटकों के लिए भी घूमने का एक अच्छा स्थल बनता जा रहा है। इस राज्य में कई ऐसी जगहें हैं, जो सर्दी, गर्मी या बरसात में बेहद खूबसूरत हो जाती हैं।
छत्तीसगढ़ में कांकेर एक ऐसी जगह है जो मानसून में बहुत ही ज्यादा खूबसूरत हो जाती है. मनमोहक झरने और चारों ओर हरियाली कांकेर की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं। इस आर्टिकल में हम आपको कांकेर की कुछ अद्भुत जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं।
चर्रे मार्रे झरना
जब कांकेर में घूमने लायक जगहों की बात आती है तो चार्रे मार्रे झरने का जिक्र सबसे पहले जरूर किया जाता है। यह कांकेर के अंतागढ़ जिले में स्थित है। खूबसूरत और मनमोहक जंगलों के बीच मौजूद यह झरना बेहद खूबसूरत नजारा पेश करता है।
चार्रे मार्रे झरने के चारों ओर छोटे-छोटे पत्थरों के बीच से बहता पानी आपके मन को प्रसन्न कर देगा। झरने तक पहुँचने के लिए सीढ़ियाँ भी हैं। मानसून के दौरान राज्य के कोने-कोने से पर्यटक यहां घूमने के लिए पहुंचते हैं। इस झरने के पास कई लोग पिकनिक मनाने भी पहुंचते हैं। इस झरने के अलावा आप कांकेर में मलांझकुडुम झरना भी देख सकते हैं।
दुधवा बांध
दुधवा बांध कांकेर शहर का एक ऐसा खजाना है, जहां हर समय पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते रहते हैं। खूबसूरत जंगल और पहाड़ों के बीच स्थित इस बांध का नजारा बेहद आकर्षक लगता है।
महानदी पर बना यह बांध मानसून के दौरान देखने लायक होता है। बांध से कुछ ही दूरी पर स्थित आप ट्रैकिंग का भी आनंद ले सकते हैं। यहां खूबसूरत तस्वीरें भी कैमरे में कैद की जा सकती हैं। मानसून में कई लोग पिकनिक मनाने के लिए भी बांध के किनारे पहुंचते हैं.
कांकेर महल
अगर आप छत्तीसगढ़ के साथ-साथ कांकेर के इतिहास को करीब से जानना चाहते हैं और ऐतिहासिक महलों को देखना चाहते हैं तो आपको कांकेर पैलेस जरूर जाना चाहिए।
20वीं सदी में बने कांकेर महल के चारों ओर हरियाली नजर आती है। यहां आप कांकेर के जंगलों के अद्भुत दृश्यों का आनंद ले सकते हैं। महल में मौजूद ऐतिहासिक चीजों से भी रूबरू हो सकते हैं।
गढ़िया पर्वत
समुद्र तल से 600 फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित गढ़िया पर्वत, छत्तीसगढ़ में घूमने के लिए सबसे प्रमुख स्थानों में से एक माना जाता है। यह भी बेहद खूबसूरत और मनमोहक जगह है. कहा जाता है कि शिवरात्रि के दौरान इस पर्वत पर एक भव्य मेले का भी आयोजन किया जाता है।
आप गढ़िया पर्वत से शहर के कुछ अद्भुत दृश्य भी देख सकते हैं। आपको बता दें कि इस पर्वत के बारे में कहा जाता है कि एक समय यह कंदरा साम्राज्य के राजा धर्म देव की राजधानी भी थी। मानसून के दौरान इस पहाड़ की खूबसूरती और बढ़ जाती है ।
कांकेर कैसे पहुँचें?
ट्रेन द्वारा– इसके लिए देश के किसी भी कोने से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचकर कांकेर पहुंचा जा सकता है। रायपुर रेलवे स्टेशन से लोकल बस या टैक्सी लेकर कांकेर पहुंचा जा सकता है। रायपुर से कांकेर की दूरी 140 किमी है।
हवाई मार्ग– रायपुर हवाई अड्डे से भी कांकेर पहुंचा जा सकता है। रायपुर हवाई अड्डे की दूरी 130 किमी है। कांकेर शहर सड़क मार्ग से भी जुड़ा हुआ है।

