Site icon Buziness Bytes Hindi

गारंटी न मिली तो सिद्धू भी नहीं देंगे चुनाव में जीत की गारंटी


गारंटी न मिली तो सिद्धू भी नहीं देंगे चुनाव में जीत की गारंटी

लुधियाना। अगर कांग्रेस हाईकमान मेरे पंजाब माॅडल को लागू करने की गारंटी देगा तभी मैं विधानसभा चुनाव लड़ूंगा। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने एक बार फिर पार्टी नेतृत्व को सीधे तौर पर धमकी देते हुए कहा कि यदि पार्टी हाईकमान ने पंजाब माॅडल को मंजूरी न दी तो वह किसी भी बात के लिये जिम्मेदार नहीं होंगे। सिद्धू ने इशारों में जाहिर कर दिया है कि पंजाब माॅडल लागू करने की गारंटी न दी गयी तो वह आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत की गारंटी भी नहीं देेंगे।

Read also: बिजली की कमी पर चिंता जताने वाले नवजोत सिद्धू पर है 8 लाख का बिजली बकाया

लुधियाना पहुंचे पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने व्यापारियों से मिलने के बाद एक बार फिर अपने तीखे तेवरों से पंजाब की चन्नी सरकार और कांग्रेस हाईकमान को परेशानी में डाल दिया है। सिद्धू ने पंजाब माॅडल के जरिये पंजाब को आत्मनिर्भर बनाने और तरक्की हासिल करने का दावा किया। नवजोत ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की सत्ता में 2007 से 2017 तक अकाली-भाजपा सरकार ने पंजाब में निवेश को लेकर बड़े-बड़े दावे किये मगर वो दावे बेमानी ही साबित हुए। अपनी की पार्टी पर भी सवाल उठाते हुए सिद्धू ने कहा कि साढ़े चार साल की कांग्रेस सरकार ने भी इस दिशा में सही तरीके से काम नहीं किया है। मुख्यमंत्रियों द्वारा सभी विभागों को अपने हाथ में रखे जाने की व्यवस्था को बदलने की बात भी सिद्धू ने कही है।

पंजाब की बेहतरी के लिए लोगों के सुझाव हासिल करने के लिए जल्द ही डिजिटल पोर्टल लाने की बात कहते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि व्यापारी अपने सुझाव के साथ उन्हें पूरा करने के लिये एक मौका जरूर दें। उन्होंने आम लोगों की सरकार बनाने के लिये व्यापारियों से साथ मांगा।

Read also: सिद्धू करेंगे चन्नी सरकार के खिलाफ भूख हड़ताल

गौरतलब है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश का विकास करने के लिये पंजाब माॅडल लागू करने के लिये निरंतर जोर दे रहे हैं। सिद्धू जगह-जगह जाकर पंजाब माॅडल को प्रदेश में लागू करने के लिये पार्टी हाईकमान से जल्द ही इसकी मंजूरी लेने का दावा भीी कर रहे हैं। सिद्धू खुद को मुख्यमंत्री के तौर पर पेश करने का भी कोई मौका नहीं चूक रहे हैं। पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सिद्धू की सक्रियता बढ़ गयी है और वह खुद को अलग सोच रखने वाला नेता साबित कर मुख्यमंत्री चेहरा बनने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। इसके लिये वह विपक्षी दलों से अधिक खुद की पार्टी यानि कांग्रेस सरकार और पार्टी नेतृत्व पर भी सवाल खड़े करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

Exit mobile version