यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल आयेेंगे मेरठ
तीन घंटे के कार्यक्रम में कई योजनाओं का करेंगे लोकापर्ण
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल (रविवार) को सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में केंद्रीय पुस्तकालय और तीन दिवसीय कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन समेत कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम तीन घंटे का है मगर यह तीन घंटे कैसे गुजरेंगे यह चिंता अधिकारियों को सता रही है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री किसान सभा को भी संबोधित करेेंगे। ऐसे में गन्ना भुगतान की समस्या को लेकर किसान आवाज उठा सकते हैं। मुद्दा उठाए जाने के डर से जिला प्रशासन और गन्ना विभाग ने मवाना, किनौनी और मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल को नोटिस जारी कर दिए हैं। वहीं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के भी मुख्यमंत्री से मुलाकात कर खाद्यान्न घोटाले में दोषियों पर कार्रवाई न किए जाने की शिकायत किये जाने की चर्चाएं हैं। ऐसे में सख्त कार्रवाई के लिये जाने जाते सीएम योगी यदि नाराज हुए तो अधिकारियों पर गाज गिरना तय है।

शासन द्वारा भेजे गये कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे हेलीकाॅप्टर से सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। सीएम योगी विवि में केंद्रीय पुस्तकालय और तीन दिवसीय कृषि प्रदर्शनी के उद्घाटन समेत कई योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सीएम द्वारा किसान सभा को संबोधित किया जायेगा। इसके बाद सीएम योगी कार से भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए पहुंचेंगे और मेरठ मंडल के छह जनपदों के सभी जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ पश्चिमी क्षेत्र की कमेटी, सांसदों, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। का कार्यक्रम है। भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित सामूहिक भोज में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री कार द्वारा कृषि विश्वविद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पहुंचेंगे और हिंडन एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।

अधिकारियों ने किया कृषि विश्वविद्यालय का निरीक्षण
सीएम के दौरे को लेकर अधिकारी पूरी तरह सर्तक हैं और कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहते। कार्यकारी मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी खुद दौरे की कमान संभाले हुए है। वहीं एडीजी जोन राजीव सभरवाल सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर निगाह बनाये हुए हैं। मेरठ के डीएम के बालाजी, एसएसपी अजय साहनी, नगरायुक्त मनीष बंसल, एडीएम प्रशासन मदन सिंह गब्रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एसके सिंह, एसीएम सुनीता सिंह, अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन, सहायक नगरायुक्त ब्रजपाल सिंह, कुलपति प्रो. आरके मित्तल एवं जिलाध्यक्ष अनुज राठी भी इंतजामों का निरंतर जायजा ले रहे हैं।

अभेद होगी सुरक्षा, परिंदा भी नहीं मार सकेगा पर
सीएम के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रहेगी और परिंदे के पर मारने की गुंजाईश भी नहीं होगी। कृषि विवि परिसर में जनसभा स्थल और हैलीपेड पर एक दारोगा समेत एक हेेेड कांस्टेबल और दस कांस्टेबल तैनात किये गये हैं। विवि में आने-जाने वालों पर सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर टिकी हुई है। विवि के मुख्य गेट पर विवि के सुरक्षा कर्मी और रिटायर्ड सैनिकों ने मोर्चा संभाला हुआ है। विवि के अंदर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति का आधार कार्ड, आइकार्ड, बैग आदि चेक किया जा रहा है।

शहर में चलेगा विशेष सफाई अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर नगर निगम ने भी कमर कस ली है। कृषि विश्वविद्यालय और कार्यक्रम स्थल के साथ पूरे शहर में दो दिवसीय विशेष सफाई अभियान की शुरूआत शनिवार से कर दी गयी है। मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर शनिवार और रविवार को शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. गजेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। नगर आयुक्त मनीष बंसल ने निर्देश जारी कर कहा कि सफाई कर्मचारी सुबह जल्द झाड़ूू लगाकर काम खत्म कर दें। सड़कों पर से कूड़ा भी तुरंत उठाया जाए। उन्होंने जलकल विभाग को टैंकरों की व्यवस्था कर सड़क पानी छिड़कने के निर्देश भी दिये हैं।

