स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने आइसोलेशन वार्ड का किया निरीक्षण
हापुड़ । उत्तर प्रदेश सरकार में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बृहस्पतिवार को नेशनल हाइवे स्थित सरस्वती इंस्टिट्यूट आॅफ मेडिकल साइंस कॉलेज का दौरा किया। मंत्री ने कॉलेज में स्थित आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण कर चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।मंत्री ने कॉलेज के चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कोरोना काल चल रहा है और आप सभी इसमें निरंतर कार्य कर रहे हैं इसलिए आप बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे अधिक चिंतनीय स्थिति मेरठ मंडल की है, इस समय बहुत बड़े पैमाने पर कोरोना के मरीज पाए जा रहे हैं। यह केवल इसलिए हो रहा है कि जितनी सुरक्षा के साथ हमें रहना चाहिए, या सरकार ने जो कोरोना वायरस के बचाव को बताए गए उपायों का सही से पालन नहीं हो सहा हैं।
उन्होंने कहा कि चिकित्सको के निरंतर काम करने के पश्चात भी इसकी रोकथाम नहीं हो पा रही हैं। ऐसा देखने में आया है कि डॉक्टर अपने काम के प्रेशर के कारण कई बार मरीजों से ठीक प्रकार से बात नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन मेरा अनुरोध है कि चिकित्सकों काम के साथ-साथ मरीजों से भी अच्छा व्यवहार करें। डॉक्टर का जीवन भले ही सामान्य उम्र का हो परंतु उसकी ख्याति जीवन के पश्चात भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अगर आपका व्यवहार ठीक है तो मरीज निश्चित ही समय से पहले ठीक हो जाएगा। अभी सरकार ने कोरोना संबंधित कुछ नए आदेश जारी किए हैं, जिनका सभी को निश्चित लाभ मिलेगा। उन्होंने वीडियोग्राफी के माध्यम से यह भी जाना कि अस्पताल में कितने कोविड-19 के बेड हैं, कितने सामान्य बेड हैं, ओपीडी की क्या व्यवस्था है तथा वेंटिलेटर और आॅक्सीजन कितनी मात्रा में उपल्लबंध हैं। सरस्वती इंस्टीट्यूट मेडिकल साइंस के प्रधानाचार्य डा. आरसी पुरोहित ने उन्हें इस वीडियोग्राफी को दिखाते हुए सभी के बारे में जानकारी दी। प्रधानाचार्य ने मंत्री को जानकारी देते हुए बताया कि अब तो कॉलेज में कोरोना संक्रमित 457 आ चुके हैं, जिनमें से 170 मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घर जा चुके हैं, तथा वर्तमान में ७२ मरीजों का सुचारू रूप से इलाज किया जा रहा हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उमेश राणा, सदर विधायक विजयपाल आढ़ती, गढ़ विधायक कमल मलिक,अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव, सीडीओ उदय सिंह, सीएमओ रेखा शर्मा, जोइन्ट डायरेक्टर डा. अजय गुप्ता, चिकित्सा अधिक्षक डा. सैय्यद अली ईमाम, डा. मनीष राज, डा. सुनील गुप्ता, डा. नरेन्द्र कुमार, जिला महामंत्री पुनीत गोयल, जिला उपाध्यक्ष नरेश तोमर, आयुष त्यागी, अक्षय आदि समेंत दर्जनों भाजपाई मौजूद रहे।

