Site icon Buziness Bytes Hindi

सपा-कांग्रेस वाले सरकार में आए तो रामलला को टेंट में भेजेंगे, बाराबंकी में मोदी

modi

प्रधानमंत्री मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कहा कि वो जनता के अधिकारों की रक्षा करने के लिए 400 पार सीटें मांग रहे हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि 4 जून अब बहुत दूर नहीं है। आज पूरा देश और पूरी दुनिया जानती है कि मोदी सरकार की हैट्रिक बनने जा रही है। इसलिए वो बाराबंकी और मोहनलालगंज के लोगों से आशीर्वाद मांगने आये हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक तरफ देशहित के लिए समर्पित भाजपा-NDA गठबंधन है और दूसरी तरफ देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए इंडी गठबंधन मैदान में है। अब जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ रहा है, ये इंडी वाले ताश के पत्तो की तरह बिखरने शुरू हो गए हैं।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि यहां जो बबुआ जी यानी समाजवादी शहजादे हैं, अब उन्होंने एक नई बुआ की शरण ली है। उनकी ये नई बुआ बंगाल में है। अब उनकी बंगाल वाली बुआ जी ने इंडी गठबंधन वालों को कहा है कि मैं आपको बाहर से सपोर्ट करूंगी। इंडी गठबंधन की एक और पार्टी ने दूसरी को कह दिया है कि खबरदार अगर हमारे खिलाफ पंजाब में बोला। प्रधानमंत्री पद को लेकर भी ये सब मुंगेरी लाल को भी पीछे छोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के एक नेता ने कहा दिया कि रायबरेली के लोग प्रधानमंत्री चुनेंगे और ये सुनकर समाजवादी शहजादे का दिल ही टूट गया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पलटने की तैयारी कर रही है। इनके लिए सिर्फ अपना परिवार और पावर ही मायने रखते हैं। सपा-कांग्रेस वाले अगर सरकार में आए तो रामलला को फिर से टेंट में भेजेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों ही दलों के लिए वोटबैंक से बड़ा कुछ नहीं है इसलिए जब वो इनकी पोल खोलते हैं , तो ये बैचेन हो जाते हैं, इनकी नींद हराम हो जाती है। ये गालियां देना शुरू कर देते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस तुष्टिकरण के आगे घुटने टेक चुकी है। और जब मोदी जब इनकी सच्चाई देश को बता रहा है तो ये कहते हैं कि मोदी हिंदू मुसलमान कर रहा है।

Exit mobile version