- जेपी नड्डा ने कहा, जनता देगी जिन्नावाद का जवाब
हापुड़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज गढ़मुक्तेश्वर में जन विश्वास रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। कानपुर के इत्र व्यापारी के घर से बरामद करोड़ों रुपयों को लेकर नड्डा ने कहा कि छापे से मिले दर्द के कारण विरोधी अपने ही घर में क्वारंटाइन हो गए। नड्डा ने अखिलेश यादव पर आतंकवादियों को छुड़वाने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया।
मंगलवार को गढ़मुक्तेश्वर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जन विश्वास रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अपने दम पर विश्वास यात्रा निकालने का काम भाजपा ही कर सकती है। क्योंकि भाजपा ने जो कहा था उसे पूरा करके दिखाया है इसलिए आज जन विश्वास यात्रा निकाल रही है। पूर्व की सरकारों में खुलेआम गुंडागर्दी होती थी लेकिन आज गुंडागर्दी करने वाले जेल भेजे जाते हैं। प्रदेश में दंगे बंद हो गए हैं और बहन-बेटियों को इज्जत के साथ देखा जाता है।
उन्होंने कहा कि 15 लाख युवाओं को लैपटाॅप देने का वादा करने वाले अखिलेश यादव ने मात्र 6 लाख लैपटाॅप ही बांटे थे। लेकिन योगी सरकार एक लाख युवाओं को लैपटाॅप और टेबलेट दे चुकी है और एक करोड़ युवाओं को और देने जा रही है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्नावाद का जवाब चुनाव में प्रदेश की जनता देगी। अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव ने राम भक्तों पर गोली चलाई तो कांग्रेस नें कोर्ट में जा कर मंदिर निर्माण के मुद्दों को लटकाने की कोशिश की। लेकिन आज मोदी और योगी सरकार के कारण प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बन रहा है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने वाली मोदी सरकार ने तीन तलाक के दंश से करोड़ों मुस्लिम महिलाओं को छुटकारा दिलाया।
Read also: ‘‘औरंगजेब’’ के राज में सूना पड़ा था बाबा का धामः अमित शाह
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार जनता की तकदीर बदलने के लिए आई है। किसानों का बजट बढ़ाने वाली मोदी और योगी सरकार किसानों की आय बढ़ाने का भी काम कर रही है। योगी सरकार ने गन्ने का सबसे अधिक भुगतान किया है। उन्होंने तंज कसा की भाजपा गन्ने की चर्चा करती है और विपक्षी जिन्ना की बातें करते हैं।

