प्रधानमंत्री मोदी पिछले दो तीन दिनों से देश को लोगों को ये बताने में लगे हुए हैं कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आयी तो वो आपसे आपका सोना, आपकी संपत्ति और महिलाओं का मंगल सूत्र छीनकर मुसलमानों में बाँट देगी, ऐसे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहाँ पीछे रहने वाले थे. कल शाम उन्होंने मुरादाबाद में एक चुनावी सभा में कांग्रेस पर एक और बड़ा आरोप लगा दिया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आयी वो गौवंश को कसाइयों को सौंप देगी।
मुरादाबाद में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यकों (मुसलमानों) को गोमांस खाने का अधिकार देना चाहती है, ये लोग अल्पसंख्यकों से गोमांस खाने का अधिकार देने का वादा करते हैं, ये लोग गायों को कसाई के हाथों में सौंपना चाहते हैं. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस अल्पसंख्यकों को उनकी पसंद का खाना खाने की आजादी देना चाहती है, इसका मतलब ये लोग गोहत्या की अनुमति देने की बात कर रहे हैं.
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस हिन्दुओं की संपत्ति को जब्त करके रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के बीच बांटने करने का इरादा रखती है. योगी ने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में लोगों की संपत्ति के एक्स-रे की बात इसीलिए कही है. कांग्रेस के इस एक्सरे का मतलब कांग्रेस आपसे आधा घर छीन लेगी, आधे ज़ेवर छीन लेगी। बता दें कि प्रधानमंत्री अपनी चुनावी सभाओं में कह रहे हैं कि ये कांग्रेस के मेनफेस्टो में लिखा है, वहीँ कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री को चैलेन्ज कर रही है कि वो दिखाए कि मेनिफेस्टो में ऐसा कहाँ पर लिखा हुआ है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री से मिलने का समय माँगा था कि वो उनसे मिलकर उन्हें कांग्रेस का घोषणा पत्र देना चाहते हैं और पूछना चाहते हैं कि ऐसा कहाँ पर लिखा हुआ.
