लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। 2006 बैच के आईएएस और वाराणसी जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा को प्रयागराज का कमिश्नर नियुक्त किया है। उनकी जगह पर एस.राजलिंगम वाराणसी के नये डीएम होंगे। राजलिंगम को कुशीनगर से वाराणसी भेजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जिलाधिकारी के रूप में कौशलराज शर्मा ने नवंबर 2019 में कार्यभार ग्रहण किया था। तीन साल के कार्यकाल में कौशल राज शर्मा ने कई कार्य किए जिन्हें वाराणसी में लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
कोरोना संक्रमण काल में जिलाधिकारी के तौर पर किए कार्य और काशी विश्वनाथ धाम का निर्माण सहित जनोपयोगी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने में कौशलराज शर्मा का योगादान रहा। पीएम मोदी कई मौकों पर आईएएस कौशल राज की पीठ थपथपा चुके हैं। हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले कौशल राज शर्मा 2006 में आईएएस की परीक्षा पास की और यूपी कैडर में शामिल हुए थे। मेरठ के अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह जौनपुर के मुख्य राजस्व अधिकारी बने हैं। जिले में तैनात मुख्य राजस्व अधिकारी रजनीश राय का स्थानांतरण कर दिया है। उन्हें उप भूमि व्यवस्था आयुक्त राजस्व परिषद लखनऊ के पद पर भेजा गया है। रजनीश राय शहर के नोडल अधिकारी बनाए गए थे। उनके कार्यकाल के दौरान कई बड़ी कार्रवाई हुईं हैं। जिसके चलते वो हमेशा चर्चा में रहे हैं। वरिष्ठ आइएएस संजय कुमार को सचिव, वित्त विभाग से हटाकर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बनाया है।
Read also: UP News: मेरठ के काम्प्लेक्स को हिंदू संगठन का ठेकेदार बनाना चाहता था लखनऊ का लुलु मॉल
राजेंद्र प्रताप सिंह को प्रबंध निदेशक राज्य सड़क परिवहन निगम से चित्रकूट और बांदा का मंडलायुक्त बनाया है। वाराणसी, कुशीनगर, उन्नाव, फतेहपुर और बलरामपुर के डीएम बदले गए हैं। उन्नाव के डीएम रवीन्द्र कुमार को कुशीनगर का डीएम बनाकर भेजा गया है। इसके अलावा फतेहपुर जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे उन्नाव की डीएम होंगी। बलरामपुर डीएम श्रुति को फतेहपुर भेजा है। कानपुर के मुख्य विकास अधिकारी डा. महेंद्र कुमार बलरामपुर के डीएम होंगे। अंबेडकरनगर में सीडीओ के पद पर तैनात सुधीर कुमार अब कानपुर के नए सीडीओ बनाए गए हैं। योगी सरकार ने इसके अलावा 20 वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए हैं।
