Site icon Buziness Bytes Hindi

Hurricane Ian: 240 किमी घंटे की रफ्तार से फ्लोरिडा के तट से टकराया तूफान इयान, अमेरिका में भीषण आपदा घोषित

वाशिंगटन। चक्रवाती तूफान ‘इयान’ ने अमेरिका में आपात स्थिति को पैदा कर दिया है। इस तूफान के कारण जहां फ्लोरिडा प्रांत में बाढ़ और बिजली संकट पैदा हो गया है। वहीं स्टौक द्वीप के पास 2 से 7 मीटर ऊंची तेज लहरों में नाव डूबने से 23 लोग लापता हो गए हैं। फ्लोरिडा का एक अस्पताल भी पानी में पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। अस्पताल के चौथे तल पर मौजूद आईसीयू की छत तूफान में उड़ गई है। 240 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान फ्लोरिडा तट से टकराया है। इसके बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इससे कई इलाकों में बाढ़ की आपात स्थिति पैदा हो गई है। पोर्ट शार्लट स्थित एचसीए फॉसेट अस्पताल की डॉक्टर बरजिट बोडाइन में बताया कि तूफान बहुत ही खतरनाक है लेकिन यह अंदाजा नहीं था कि इससे आईसीयू की छत उड़ जाएगी। इस समय हालात बेहद नाजुक हैं। प्रांत के दक्षिण-पश्चिमी तट पर विनाशकारी तूफान के चलते सभी इलाकों की सड़कें पूरी तरह से जलमग्न हो गई हैं और प्रायद्वीप में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। जॉर्जिया व दक्षिण कैरोलिना में भी हालात बेदह ही खराब हैं। इससे फोर्ट मायर्स शहर सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। जहां पर खतरे को देखते हुए 8.5 लाख घरों की बिजली आपूर्ति को रोक दिया गया है। करीब 20 लाख लोग बुरी तरह प्रभावित हैं। 

इयान तूफान से जुड़े वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में सड़कों पर बारिश और बाढ़ के बीच तटीय शहर में शार्क दिखाई दी है। एक अन्य वीडियो में जिम कैंटोर नामक मीडिया कर्मी लड़खड़ाते हुए दिख रहा है। वह कह रहा है, मैं खड़ा नहीं हो पा रहा हूं। तूफान बहुत तेज है। उसने एक खंभा पकड़कर खड़ा होना पड़ा। अधिकांश इमारतों में बाढ़ का पानी अंदर घुस आया है। बिजली की लाइनों में चिंगारियां उठने के बाद आग से फोर्ट मायर्स इलाके में काले धुएं के बादल दिखाई दिए है। प्रभावित इलाकों में तेजी से आर्थिक मदद पहुंचाने को राष्ट्रपति जो बाइडन ने भीषण आपदा घोषित किया।

Exit mobile version