पैसिफिक महासागर में इस साल के पहले तूफान अगाथा ने दक्षिणी मेक्सिको में जमकर तबाही मचाई है, वहीं इस तूफान के कारण कई इलाकों में बाढ़ आ गयी है और कई स्थानों में भूस्खलन हुआ है। दूसरी ओर तूफान की जद में आने से 10 लोगों की मृत्यु हो गयी है और 20 लोग लापता भी हो गये हैं। वहीं इसके बाबत जानकारी देते हुये दक्षिणी शहर के ऑक्साका के गवर्नर ने कहा कि अगाथा के चलते यहाँ 165 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएँ चल रही हैं, साथ ही 74 वर्षों बाद इतना भयानक तूफान यहाँ आया है।
इसके साथ ही यहाँ पर कई रेस्क्यू टीमें तैनात कर दी गयी हैं, जहाँ वह लापता लोंगो की तलाश कर रही हैं। बता दें कि मई नवम्बर के बीच मेक्सिको के पैसिफिक और अटलांटिक तटों पर नियमित रूप से तूफान आते रहते हैं, जिसके वजह से यहाँ तबाही मचती रहती है।
वहीं इसके बाबत मेक्सिको के मौसम विभाग ने जानकारी देते हुये बताया कि कैटेगरी 2 का तूफान मेक्सिको के दक्षिणी हिस्से टकराया है, जिसके कारण भारी बारिश हुई है और इस बारिश में कई मकान बह गये हैं, साथ ही कई लोग दलदल और चट्टानों के मलबे में दब गये हैं। वहीं आगे जानकारी देते हुये उन्होंने बताया कि जान गंवाने वालों में ज्यादातर लोग पहाड़ी इलाकों के छोटे शहरों से हैं, जिनकी मौत बाढ़ और भूस्खलन के कारण हो गयी है।

