लखनऊ। पिछले दिनों यूपी दौरे पर आये केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भले कानून-व्यवस्था पर क्लीन-चिट देकर सीएम योगी को इम्युनिटी की बूस्टर डोज दे दी हो, लेकिन कांग्रेस आने वाले विधानसभा चुनाव में लॉ एण्ड ऑर्डर पर ही सवाल उठाकर चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है।
प्रदेश कांग्रेस लगातार सूबे में कानून-व्यवस्था को ध्वस्त करार दे रही है। अमित शाह ने जिन-जिन अपराधों का नाम लेकर उनके खत्मे का श्रेय सीएम योगी को देते हुए तारीफों के पुल बांधे, कांग्रेस उन्हीं के मद्देनजर राज्य सरकार को सीधेतौर पर दोषी ठहरा रही है। मंगलवार को जारी एक बयान में प्रदेश कांग्रेस ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी अपनी मन की बात में देशभर में पुलिस की मौजूदा कार्यशैली पर चिंतित दिखे हैं और पुलिसिंग व्यवस्था को सुधारने की बात कही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में आकर सरकार के गृहमंत्री अमित शाह योगी पुलिस की तारीफ में कसीदे पढ़ रहें है। कांग्रेस के मुताबिक, एनकाउंटर और पुलिसिया उत्पीडऩ के मामलों में सबसे ज्यादा नोटिस ह्यूमन राइट कमीशन ने यूपी सरकार को भेजा
कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह झूठ बोल रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में अपराध काबू में है, यहां अपराधी नहीं हैं। जबकि सच्चाई यह है कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, प्रदेश की जनता को सुरक्षा न हीं मिल रही है। बीजेपी सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद है और बीजेपी शासनकाल में उत्तर प्रदेश को अपराधियों की शरणस्थली बन चुका है।
कांग्रेस प्रवक्ता का तर्क है कि, पुलिस रिफार्म को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों की कई बार अवहेलना की गई है। कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश समेत बीजेपी शाषित सभी राज्यों की सरकारों ने भी पुलिस रिफार्म के लिए आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
Read Also : विपक्ष संसद और संविधान का अपमान कर रहा है: पीएम
पुलिस एनकाउंटर पर सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि, हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि उत्तर प्रदेश की पुलिस ने समूचे देश मे सबसे ज्यादा एनकाउंटर किया है। एनकाउंटर और पुलिसिया उत्पीडऩ के मामलों में सबसे ज्यादा नोटिस केंद्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा है। मोदी सरकार अगर आज ईमानदारी फास्टट्रैक न्यायिक सिस्टम से इन एनकाउंटरर्स और उत्पीडऩ के सभी मामलों की जांच करवा दें, तो आज यूपी की योगी पुलिस की वास्तविकता देश के सामने आ जाए।
बीते दिनों पंचायत चुनाव के दौरान आयी हिंसा की खबरों का संज्ञान लेते हुए कांगे्रस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव ने कहा कि बीजेपी की द्वेषपूर्ण राजनीति से प्रदेश में हिंसा को बल मिल रहा है। कहा कि, लखीमपुर में महिला बीडीसी सदस्य का चीरहरण समेत प्रदेश भर से आयी चुनावी रंजिशन हत्याएं, गोलीबारी मारपीट की ताजा घटनाओं से न मीडिया अछूती है न प्रदेश का जनमानस। महिला हिंसा और उत्पीडऩ में उत्तर प्रदेश समूचे भारत मे पहले स्थान पर पहुंच गया है।
Read Also : आप ने मुख्यमंत्री के दुष्कर्म पीड़ित-शर्मनाक टिप्पणी के खिलाफ गोवा के राज्यपाल को याचिका दी
यूपी आकर क्या कहा था अमित शाह ने
बीते रविवार को लखनऊ-मिर्जापुर दौरे पर आये गृहमंत्री अमित शाह ने यूपी में कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने का श्रेय पूरी तरह सीएम योगी आदित्यनाथ को ही दिया था। शाह ने खासतौर पर यूपी की कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भू-माफियाओं में बैठे भय का जिक्र करते हुए कहा था कि, पहले का यूपी मुझे ठीक तरह से याद है। महिलाएं असुरक्षित नहीं थीं, यहां पर दिनदहाड़े
गोलियां चलती थीं, माफियाओं का राज था। माफिया अवैध तरह से जमीनों पर कब्जा करते थे। लेकिन, अब अपराधियों के दिल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भय है, जिसकी वजह से अपराध-भ्रष्टाचार कम हुआ है। अब यहां पर अपराधी थानों में जाकर समर्पण कर रहे हैं।

