Site icon Buziness Bytes Hindi

कैसे होता है पटवारी भर्ती में चयन , जानिए

अधिक संख्या में आवेदन वाले पदों की जानकारी की श्रृंखला में आइए आज हम आपको बताते हैं कि पटवारी के पदों के बारे में, साथ ही पटवारी भर्ती कहां निकलती है, आवेदन के लिए योग्यता क्या है और उम्मीदवारों का चयन कैसे किया जाता है? पटवारी का पद केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन में राजस्व विभाग के अंतर्गत आता है। इसके अलावा, विभिन्न विकास प्राधिकरणों (जैसे- डीडीए, जीडीए, आदि) में भी पटवारी की भर्ती की जाती है। कई राज्यों में इसे लेखपाल भी कहा जाता है. पटवारी का कार्य अपनी नियुक्ति/तैनाती क्षेत्र में भूमि संबंधी अभिलेख तैयार करना तथा स्वामित्व हस्तांतरण आदि को अभिलेखों में अद्यतन करना होता है।

पटवारी भर्ती

ऐसे पटवारी का पद स्थानीय स्तर पर भूमि अभिलेखों के मामले में बहुत महत्वपूर्ण होता है। पटवारी भर्ती के लिए या तो विभिन्न राज्यों में संबंधित राजस्व विभाग द्वारा सीधी भर्ती की जाती है या संबंधित राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा सामूहिक रूप से (अन्य पदों के साथ) भर्ती की जाती है। अभ्यर्थी आवश्यकतानुसार समय-समय पर निकलने वाली इन भर्तियों के अपडेट अपने संबंधित राजस्व विभाग की वेबसाइट या सेवा चयन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।

पटवारी भर्ती के लिए कितनी योग्यता चाहिए

पटवारी भर्ती के लिए आम तौर पर उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 परीक्षा या समकक्ष योग्यता उत्तीर्ण होना चाहिए। हालांकि, कुछ राज्यों में इन पदों के लिए 10वीं पास योग्यता मांगी जाती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर पटवारी से संबंधित प्रमाण पत्र भी मांगा जाता है, इसके अलावा उम्मीदवारों को आयु सीमा से संबंधित शर्तों को भी पूरा करना होता है। सामान्यतः पटवारी पदों पर सीधी भर्ती के लिए आयु सीमा 18 वर्ष से 30 वर्ष (कहीं-कहीं 35 वर्ष या 40 वर्ष) निर्धारित है। हालाँकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को संबंधित राज्य सरकार के नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाती है।

पटवारी भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया

पटवारी की भर्ती के लिए उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाता है। लिखित परीक्षा में योग्यता परीक्षा (10वीं या 12वीं) स्तर के प्रश्न पूछे जाते हैं, जो सामान्य अध्ययन, रीजनिंग, अंग्रेजी/हिंदी आदि विषयों से होते हैं। लिखित परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाता है।

इतना वेतन मिलता है पटवारी को

पटवारी पदों के लिए वेतनमान राज्यों द्वारा निर्धारित वेतनमान के अनुसार अलग-अलग होता है। सीधी भर्ती से चयनित उम्मीदवारों को पटवारी पद पर नियुक्ति के बाद शुरुआत में 5,200-20,200 रुपये वेतन और 2100 रुपये के हिसाब से ग्रेड-पे दिया जाता है, जो लगभग 27 हजार रुपये होता है. हालांकि, जहां 7वां वेतन आयोग लागू हो चुका है, वहां उसी हिसाब से सैलरी दी जाती है.

Exit mobile version