Site icon Buziness Bytes Hindi

गृहमंत्री करोड़ों रुपए लेकर कर रहे पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग


गृहमंत्री करोड़ों रुपए लेकर कर रहे पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही वहां पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई हैं और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। राज्य के गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा पर करोड़ों रुपए लेकर पुलिस अधिकारियों की पोस्टिंग करने का आरोप लगाया गया है। खास बात यह है कि यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि कांग्रेस के सरकार में कैबिनेट मंत्री ने लगाया है।

Read also: पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का पूरी तरह हो जाएगा सफाया : भाजपा महासचिव तरुण चुग

कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह द्वारा लगाये गये आरोपोें को लेकर अकाली दल के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि यदि प्रदेश का गृहमंत्री 5 करोड़ रुपये लेकर एसएसपी और 50 लाख रुपए लेकर डीएसपी नियुक्त कर रहा है तो यह देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हो सकता है। इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ बताते हुए मजीठिया ने मामले की जांच सीबीआई या एनआईए से कराने की मांग की।

मजीठिया ने सुखजिंदर रंधावा पर जेल मंत्री रहते हुए अपराधियों को सरपरस्ती देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री पर पैसे लेकर पुलिस अधिकारियों को पोस्टिंग देने का आरोप कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह ने लगाया है इसलिए इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। मजीठिया ने कहा कि 2020 में जहरीली शराब के कारण 120 लोगों की मौत के बाद ट्रांसफर किए गए डेढ़ सौ पुलिस अधिकारियों व मुलाजिमों को सुखजिंदर सिंह रंधावा ने पुरानी जगह पर पोस्टिंग दी थी।

Read also: सिद्धू ने पूछा, 50 दिन में चन्नी सरकार ने क्या किया

चन्नी सरकार के गृहमंत्री पर इस तरह के आरोप सरकार के ही कैबिनेट मंत्री द्वारा लगाये जाना कांग्रेस नेतृत्व के लिये परेशानी का कारण है। विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस नेताओं में लगाये जा रहे आरोप-प्रत्यारोप पार्टी की छवि को जनता के बीच में खराब करने के लिये काफी हैं। सिद्धू के बाद अब कैबिनेट मंत्री के आरोपों से आने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Exit mobile version