Zeba Hasan
कहते हैं फिल्मी कहानियां लोग भले ही भूल जाएं लेकिन उनके यादगार गीत लोगों की जुबान पर हमेशा रहते हैं। बॉलिवुड ने सिनेमाई पर्दे पर वैसे तो हर त्योहार को जीवंत किया है लेकिन होली का जश्न ( Holi 2022) इनमें सबसे खास और यादगार है। इस जश्न में चार चांद लगाए हैं होली के सदाबहार गीतों ने। ब्लैक एंड व्हाइट के दौर से लेकर आज तक सिनेमा के होली गीत हर साल आम लोगों की होली को खास बना देते हैं। चौराहों पर होली का जश्न हो या फिर खुद सितारों की होली ही जगह इनका सुरूर सिर चढ़कर बोलता है। डालते हैं कुछ ऐसे ही होली के हिट गीतों पर नजर जो यूपी में शूट किए गए हैं।
Read also: Holi Celebration: जाने भारत के अलावा कौन से देशों में भी रहता है होली का धमाल!!
मिलन टॉकीज में मथुरा की होली
तिग्मांशु धूलिया की फिल्म मिलन टॉकीज (Milan Talkies Holi Song) का होली गीत ‘कुछ माइंड न करियो होली है…’ इस बार भी होली पर धूम मचाने के लिए तैयार है। अली फजल, संजय शर्मा जैसे कलाकारों से सजी इस फिल्म की शूटिंग लखनऊ में हुई थी हालांकि होली के इस गीत को फिल्माने के लिए तिग्मांशु खासतौर पर शूटिंग के लिए मथुरा गए थे। तिग्मांशु के अनुसार उन्हें इसकी शूटिंग के लिए आम दिनों से ज्यादा मेहनत करनी पड़ी थी। फिल्म की कहानी कानपुर की है और इस गाने में यूपी की होली के हुड़दंग को दिखाया गया है। होलियारों की लिस्ट में यह गीत भी शामिल रहता है।
ठंड में शूट किया हुआ था होली सॉन्ग
फिल्म मिस्टर पानवाला (Mr. Paanwala Holi Song) का होली गीत लखनऊ के कुड़िया घाट पर फिल्माया गया है। विजय भोला द्वारा निर्देशित फिल्म के होली गीत ‘एक पान खिला दे बनारसी…’ को विशाल डडलानी ने गाया और रविकांत मिश्रा ने कोरियोग्राफ किया है। फिल्म के को-डायरेक्टर सुरेंद्र नामदेव कहते हैं कि इस गीत के लिए हमने दो दिनों तक शूटिंग की थी। फिल्म की पूरी स्टार कास्ट इस गाने में है। यशपाल शर्मा, मीता वशिष्ठ, मीर सरवर, शहनवाज भट्ट,, सशील शर्मा और नीलम पांडे जैसे कलाकार इस गाने में नजर आते हैं। ठंड में यह सॉन्ग शूट किया था इसलिए काफी तैयारी करनी पड़ी थी। पूरे बैकग्राउंड में कलर के ब्लास्ट होने थे तो करीब सात कुंतल हर्बल गुलाल मंगवाया गया था।
जिमी और माही पर चढ़ा रंग
फिल्म फैमिली आफ ठाकुरगंज (Family of Thakurganj Holi Song) का भव्य होली गीत लखनऊ के बटलर पार्क में चार दिनों तक फिल्माया गया था। जिम्मी शेरगिल और माही गिल स्टारर यह फिल्म एक पॉलिटिकल थ्रिलर है, जिसमें होली का गीत भी है। इसे सोनू निगम ने गाया है और कोरियोग्राफ चिन्नी प्रकाश ने किया है। गाने के लिए पचास डांसर मुम्बई से आए थे। चार दिन इस गाने के लिए शूटिंग की गई थी। फिल्म के राइटर दिलीप शुक्ला और डायरेक्टर मनोज के झा के साथ पूरी टीम ने फिल्म में होली गीत रखने के बारे में सोचा और इस तरह यह गीत तैयार किया गया था। इस गाने की शूटिंग के लिए डेढ़ कुंतल गुलाल और कई टैंक पानी मंगवाया गया था।
होली पर हिट अक्षय का ‘गो पागल…’
लखनऊ में शूट हुई अक्षय कुमार की फिल्म जॉली एलएलबी 2 (Jolly LLB 2 Holi Song) का होली गीत ‘गो पागल…’ पिछले कई साल होली में खूब धूम मचा रहा है। लखनऊ की छत्तर मंजिल में फिल्माए गए इस गाने में अक्षय कुमार और हुमा कुरैशी का रंगों के साथ जबरदस्त डांस है। इस गाने के लिए छत्तर मंजिल में रंग का एक टैंक बनाया गया था। इसमें 20 लीटर वाले मिनरल वॉटर के 100 केन पानी में रंग मिलाया गया था। वहीं, एक कुंतल हर्बल गुलाल का इंतजाम किया गया था। स्टील का काफी ऊंचा स्लोप बनाया गया था, जिस पर से अक्षय फिसलकर टैंक में जाते हैं। गाने की शूटिंग के लिए करीब 100 लोगों को बुलाया गया था। इसे शूट करने के लिए पूरी टीम ने बहुत मेहनत की थी।
लखनऊ में खेली थी आदित्य और परिणीति ने होली
यशराज फिल्म्स की ‘दावत-ए-इश्क’ (Daawat-e-Ishq Songs) के गीत ‘मेरी मन्नत तू…’ में आदित्य रॉय कपूर और परिणीति चोपड़ा पर एक भव्य होली सीक्वेंस है। लखनऊ के लड़के और हैदराबाद की लड़की की प्रेम कहानी पर बेस्ड इस फिल्म की ज्यादातर शूटिंग लखनऊ में हुई थी। फिल्म के लाइन प्रॉड्यूसर रति शंकर बताते हैं कि इस होली सॉन्ग को डालीगंज स्थित लल्लूमल धर्मशाला में शूट किया गया था। आदिल शेख द्वारा कोरियोग्राफ किए गए इस गीत में 100 से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया था। करीब दो कुंतल हरबल गुलाल और कई लीटर पानी का इस्तेमाल इस गाने को शूट करने के लिए किया गया था। इसकी तैयारी में एक सप्ताह लगा था और चार दिन में गाने की शूटिंग पूरी हुई थी। होली गीत की शूटिंग के बाद धर्मशाला को साफ करने में टीम को चार दिन लग गए थे। यह गाना भी होली के जश्न का हिस्सा बनता है।
Read also: Laddu Holi 2022: 70 कुंटल लड्डुओं से लाडली खेलेंगे कान्हा के संग होली
महबूब खान की फिल्म आन ने दिए होली को रंग
फिल्मों में होली के रंग आज के नहीं बल्कि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 50 के दशक में जिस फिल्म में पहली बार होली के सीन थे वह फिल्म ‘औरत’ थी। लेकिन होली के चटक रंगों की बात करें तो वह पहली बार पूरी तरह से महबूब खान निर्देशित फिल्म ‘आन’ ( Film Aan Songs) में नजर आए। फिल्म में खेलो रंग हमारे संग गाने में दिलीप कुमार और निम्मी की जोड़ी ने होली खेली थी। आन में ही दर्शकों होली के असली रंग नजर आए थे। इसके बाद तो कई हिट फिल्मों में होली के सीन्स को गढ़ा गया। कई फिल्में होली के रंगों की वजह से हिट लिस्ट में शामिल हुईं। 1958 की फिल्म मदर इंडिया का ‘होली आई रे कन्हाई…’ गीत क्लासिकल होली गाने के तौर पर याद किया जाता है। इस सॉन्ग को होली पार्टियों में आज भह बजाया जाता है। मदर इंडिया के बाद फिल्म नवरंग का गीत ‘जा रे हट नटखट…’ भी यादगार है। इसके बाद से फिल्मों में होली सीक्वेंस डालने का यह सिलसिला आज तक चला आ रहा है। फिर वह चाहे फिल्म सिलसिला का रंग बरसे हो, फिल्म शोले का होली के दिन दिल मिल जाते हैं…कटी पतंग का आज ना छोड़ेंगे…जैसे कई गीत शामिल हैं।

