आज हम आपको घर पर रंग बनाने के तरीके के बारे में बताते हैं जिससे आप घर पर ही नेचुरल रंग तैयार कर सकते हैं।
लाल रंग

होली के लिए लाल रंग तैयार करने के लिए आपको सबसे पहले सूखे हुए लाल हिबिस्कस और चायना रोज को पीसकर पाउडर तैयार कर लें। आप इसमें चंदन भी मिला सकते हैं। इसके बाद आप इसमें थोड़ा चावल का आटा भी मिला सकते हैं, जिससे आपका लाल रंग तैयार हो जाएगा। वहीं, अगर आपको गीला लाल रंग तैयार करना है, तो इसके लिए आपको पहले तो अनार के छिलकों को उबाल लेना है और फिर इसको तैयार किए गए सूखे लाल रंग में मिला लेना है।
पीला रंग

अगर आप पीला रंग घर पर बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको हल्दी पाउडर, बेसन और गेंदे के फूल चाहिए। सबसे पहले अगर आप सूखा पीला रंग बनाना चाहते हैं तो इसके लिए आप हल्दी पाउडर और बेसन को मिलाकर सूखा पीला रंग तैयार कर सकते हैं। वहीं, अगर आप गीला पीला रंग बनाना चाहते हैं तो इसमें आप गेंदे के फूलों को पीसकर डाल सकते हैं और फिर तीनों को मिलाकर आपका गीला पीला रंग तैयार हो जाएगा।
मैजेंटा

होली के लिए मैजेंटा रंग तैयार करने के लिए आप चुकंदर का इस्तेमाल कर सकते हैं। आपको सबसे पहले चुकंदर को काटकर इसके छोटे पीस कर लेने हैं, और फिर इसे एक बर्तन में उबालकर रातभर के लिए छोड़ दें। इसके बाद अगले दिन जब आप देखेंगे तो बर्तन में आपका मैजेंटा रंग तैयार होगा, जो बिल्कुल नेचुरल होगा।
हरा रंग

हरा रंग तैयार करने के लिए आप ऐसा कर सकते हैं कि आप पालक या फिर नीम के पत्तों को पानी में उबाल लें। उबलने के बाद इसमें हरा रंग आ जाएगा और आपका गीला हरा रंग तैयार हो जाएगा। वहीं, अगर आप सूखा हरा रंग तैयार करना चाहते हैं तो आप मेंहदी पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।

