कराची। पाकिस्तान के दक्षिणी सिंध प्रांत से घर के बाहर से अगवा हिंदू किशोरी करीना कुमारी ने कोर्ट को खुद पर हुए जुल्मों की दास्तां सुनाई। करीना ने कोर्ट को बताया कि कैसे जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी मुस्लिम खलील से करा दी गई। उसने बताया कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक महिलाओं के साथ ऐसी वारदात आम हैं। पाकिस्तान में जबरन अल्पसंख्यक महिलाओं को बेचा जा रहा है। सिंध के ग्रामीण इलाके में बेनजीर शहीदाबाद इलाके में घर के बाहर से अगवा करीना के निर्धन पिता सुंदर मल ने बेटी की तलाश में अफसरों के पास गुहार लगाई। बेटी को बरामद कर उसे नवाबशाह की अदालत में पेश किया है। उसने वीडियो माध्यम से बयान दिया और अदालत से अपील की है कि उसे पिता के पास भेजा जाए। उसे फिलहाल महिला केंद्र भेज दिया गया है।
करीना के पिता सुंदर मल ने कोर्ट से कहा कि वो निर्धन लोग हैं। उनके पास कोर्ट आने के लिए बस के किराए तक के पैसे नहीं हैं। उनकी बेटी ने कोर्ट में सच्चाई बताई है। अब उसे घर भेजकर कोर्ट को अपहरण कर उत्पीड़न करने वालों और लड़कियों को बेचने वालों को सजा देनी चाहिए। करीना के वकील दिलीप कुमार मगलानी ने कहा कि धर्म परिवर्तन कराने के चलन के कारण ग्रामीण इलाकों में हिंदू लड़कियां और उनके परिवारों की जान खतरे में हैं। हम कोशिश करते हैं, लेकिन अधिकतर अपहृत लड़कियां नाबालिग होती हैं। अपहर्ता कोर्ट में गलत कागजात या प्रमाण पत्र पेश करते हैं और इसके बाद पुलिस कोई मदद नहीं करती। इन लड़कियों के गरीब माता-पिता के पास बेटी की उम्र कोर्ट में साबित करने के लिए कोई प्रमाण.पत्र या दस्तावेज नहीं होते हैं। पुलिस इसका लाभ उठाती है। माता-पिता को बेटी से मिलने नहीं दिया जाता।
Read also: बिहार जैसा दृश्य अब पूरे देश में दिखेगा: तेजस्वी
इसी साल मार्च में तीन हिंदू लड़कियों सतरान, कवीता भील और अनीता का अपहरण कर उनका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। आठ दिन के अंदर ही इनकी मुस्लिम युवकों से शादी करा दी गई। इसके बाद से तीनों का कोई पता नहीं है। रोहरी में 21 मार्च को पूजा कुमारी की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।
