शिमला। हिमाचल-हरियाणा सीमा पर सर्विलांस, हिमाचल पुलिस और आईटीबीपी के जवानों की संयुक्त टीम ने पांवटा साहिब में बहराल बैरियर पर एक वाहन से पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की। पिछले चार दिनों में पांवटा साहिब में ही पांच मामलों में 33.25 लाख रुपये की नकदी पकड़ी जा चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक देर रात को पांवटा साहिब के हरियाणा के बहराल बैरियर से होकर हिमाचल की तरफ एक कार पहुंची। विस चुनाव को लेकर हो रही रूटीन चेकिंग में कार से टीम ने पांच लाख रूपये की नकदी बरामद की है। कार चालक नकदी के बारे में लेनदेन का कोई विवरण नहीं दिखा सका। पकड़ी गई धनराशि को कब्जे में ले लिया गया है।
पांवटा साहिब समेत जिले के बैरियरों पर विधानसभा चुनाव के चलते सर्विलांस-आईटीबीपी व सिरमौर पुलिस की संयुक्त टीमें दिन-रात मुस्तैद हैं। वाहनों को जांच के बाद ही उनकों प्रदेश में प्रवेश दिया जा रहा है। वाहनों की तलाशी के दौरान पिछले पांच दिनों में उत्तराखंड व हरियाणा की सीमाओं पर लाखों की नकदी पकड़े जाने के 5 मामले सामने आ चुके हैं। इन मामलों में टीम अब तक कुल 33.25 लाख रूपये की नकदी बरामद की है। पांवटा साहिब एसडीएम विवेक महाजन और डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।
हिमाचल चुनाव में मददेनजर चेकिंग के दौरान अभी तक आबकारी विभाग ने आज मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में 26,856 शराब की बोतलों को जब्त किया। आबकारी आयुक्त यूनुस ने बताया कि जिला बिलासपुर में लाइसेंस परिसर का निरीक्षण किया। जहां पर लाइसेंस की शर्तों के अनुरूप कार्य नहीं किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने 850 पेटी (10200 बोतलें) को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया है। राजस्व जिला बद्दी मे कार्रवाई करते हुए 840 पेटी (10080 बोतलें) जब्त की गई हैं। जिला ऊना में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने निरीक्षण के दौरान एक परिसर में रखी 435 पेटी शराब (5220 बोतलें) को कब्जे में लेकर स्टॉक सील कर दिया। आयुक्त ने बताया कि जिला मंडी में 113 पेटी शराब (1356 बोतलें) को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की है। इसके अलावा प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान आज 955 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई और मौके पर नष्ट किया गया।
Himachal election: हिमाचल आबकारी विभाग ने चुनाव के दौरान जब्त की 26,856 शराब की बोतलें, 33.25 की नकदी भी पकड़ी

#image_title