Site icon Buziness Bytes Hindi

Uttarakhand Heavy Rain: भारी बारिश ने उत्तराखंड में मचाई जमकर तबाही,रूद्रप्रयाग के गांव में घुसा पानी

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही मची हुई है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले के छिनका गांव में देर रात हुई भारी बारिश ने जमकर तबाही मचा दी है। भारी बारिश के चलते गांव के भीतर पानी घुस गया है और सड़कें व घर मलबों से भरे हुए हैं। लोगों ने गांव के बाहर शरण लिए हुए हैं। वहीं जिले में सभी संपर्क मोटर मार्ग बंद हो गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह ने बताया कि देर रात एक बजे छिनका में भारी बारिश से पूरे गांव और अनुसूचित जाति बस्ती मेहड़खोला तोक में मलबा आने से काफी नुकसान हुआ। बताया जाता है कि गांव के अधिकांश घरों और गोशाला में मलबा घुस गया है। इसी के साथ कुछ ग्रामीण जैसे  विजय लाल,राहुल लाल,जगदीश सिंह नेगी, जीत पाल सिंह राणा, नरेंद्र सिंह नेगी, राजेन्द्र नेगी इत्यादी के घरों में मलबा भर गया है। खेत, मलबा व पानी के कारण पूरी तरह से कट चुके हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए जिला आपदा प्रबंधन की टीम गांव पहुंच चुकी है।

वहीं प्रदेश में बारिश के बीच सड़कों के बंद होने और खुलने का सिलसिला आज भी जारी है। गत सोमवार को प्रदेश की कुल 204 बंद सड़कों में से 57 को खोलने की कार्रवाई की गई थी। बंद सड़कों में 98 सड़कें लोनिवि के अलावा 106 पीएमजीएसवाई की हैं। 
वहीं सचिवालय स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से जो  जानकारी मिली है उसके अनुसार सोमवार को लोक निर्माण विभाग की 59 सड़कें बंद हुईं। जबकि 39 सड़क मार्ग एक दिन पहले से बंद हो गए थे। इस तरह अभी तक कुल 98 बंद मार्गों में 25 मार्गों को सोमवार को खोला गया था। जबकि अभी 73 मार्ग बंद हैं। इसके अलावा नौ राज्य मार्ग, सात मुख्य जिला मार्ग के अलावा  तीन अन्य जिला मार्ग और 54 ग्रामीण मार्ग अभी भी बंद हैं। पीएमजीएसवाई के अंतर्गत सोमवार को 18 मार्ग अवरुद्ध हुए, जबकि 88 मार्ग एक दिन पहले से अवरुद्ध चल रहे थे। कुल 106 अवरुद्ध मार्गों में से 32 मार्गों को खोल दिया है। अन्य 74 अवरुद्ध मार्गों को खोले जाने की कोशिश जारी है। सोमवार को राज्य राजमार्गों पर 17 जेसीबी, मुख्य जिला मार्गों पर 13 जेसीबी, अन्य जिला मार्गों पर 15 जेसीबी और ग्रामीण मार्गों पर 71 जेसीबी मशीनें काम कर रही है। इसके अलावा पीएमजीएसवाई मार्गों पर 59 जेसीबी मशीनें लगाई गईं हैं।

Exit mobile version