Site icon Buziness Bytes Hindi

IMD Rainfall Alert: इन राज्यों में आज भीषण बारिश का अलर्ट जारी, मौसम विभाग ने दी ये चेतावनी

नई दिल्ली। कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज सोमवार को उप्र,मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भीषण बारिश का अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश में बना दबाव पश्चिमी व उत्तर पश्चिमी इलाके में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह मध्य प्रदेश में दमोह के आसपास केंद्रित है। इसके असर से पश्चिमी मध्यप्रदेश के अलावा पूर्वी राजस्थान में कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ मध्य महाराष्ट्र में कुछे स्थानों पर  वर्षा हो सकती है। इसी तरह  दक्षिण उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्यप्रदेश, पश्चिम राजस्थान और उत्तरी गुजरात में आज भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक उक्त राज्यों के कुछ इलाकों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की संभवना है। 

Read also: Gujarat Chunavi Dangal: वाघेला ने फिर बनाई नई राजनीतिक पार्टी

मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ये जिले ग्वालियर,भोपाल, सागर, उज्जैन, नरसिंहपुर, दमोह और जबलपुर है। वहीं नर्मदापुरम, रीवा,शहडोल,  अनूपपुर, डिंडोरी, उमरिया, छिंदवाड़ा, कटनी, मंडला, सिवनी, खंडवा, बालाघाट और देवास के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश और यूपी में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इनसे कच्चे मकानों को नुकसान की संभावना है। वहीं, कुछ इलाकों में बाढ़ से सड़कों व तालाबों को नुकसान पहुंचने की संभावना है। भारी बारिश के चलते सड़क व हवाई यातायात बाधित हो सकता है।  मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश में बना गहरे दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ा है। यह पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़े रहा है। कमजोर होकर यह 24 घंटे में कम दबाव के क्षेत्र में बदलेगा। विभाग के मुताबिक 22 अगस्त को इनमें से कुछ हिस्सों में  भारी बारिश हो सकती है। अगले 12 से 24 घंटों के भीतर तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ में हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे और पूर्वी राजस्थान में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की गति तक बह सकती है।

Exit mobile version