नोएडा। नोएडा में एक बार फिर से कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिले में एक दिन में कोरोना के 99 मरीज मिले हैं। जिसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 562 तक पहुंच गई है। कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता काफी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की अपील की है। पिछले एक सप्ताह से कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या दो गुना हुई है। बीते 24 घंटे के भीतर कोरोना संक्रमित 99 नए मरीजों के मिलने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई है। इस समय होम आइसोलेशन में ही 34 मरीज पूरी तरह से स्वस्थ हुए हैं। वहीं सक्रिय मरीज की संख्या नोएडा में इस समय बढ़कर 562 तक पहुंच गई है। वर्तमान में अस्पताल में 17 मरीज अपना इलाज करवा रहे हैं। जिसमें से पांच का इलाज सेक्टर-39 में बने कोविड अस्पताल में हो रहा है। जबकि अन्य का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
Read also: कोरोना संक्रमण : 24 घंटे में मिले 19 नए संक्रमित मरीज, राजधानी में हालात खराब
नोएडा में बीते छह दिनों से सौ से कम नए मरीज मिल रहे हैं। जबकि इससे पहले 19 जून को 87,18 जून को 90 और 17 जून को 95 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले थे। वहीं गत 16 जून को मरीजों की संख्या 100 तक पहुंची थी। हालांकि पिछले 10 दिनों से नए मरीजों के मुकाबले स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में 50 फीसदी कमी आई है। लिहाजा सक्रिय मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। पूरे प्रदेश में नोएडा सक्रिय मरीजों की संख्या के मामले में पहले नंबर पर है। जबकि दूसरे स्थान पर राजधानी लखनऊ है। आने वाले दिनों में सक्रिय मरीजों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Read also: Corona virus India: तेजी से बढ़ रही नए संक्रमितों की संख्या,24 घंटे में 18 मौतें
जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार शर्मा के मुताबिक अभी अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीजों की संख्या कम है। यह अच्छी बात है कि कोरोना का एक भी मरीज गंभीर नहीं है। अधिकांश मरीज अपने ही घर में होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं और वे नियमित रूप से अपने डॉक्टर से बातचीत भी कर रहे हैं। सीएमओ ने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की है।

