देहरादून। राजधानी में डेेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। 24 घंटे के भीतर जिले में नौ मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके साथ कुल मरीजों की संख्या 120 पहुंच गई। जिन नौ मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है, उनमें महेश निवासी डिफेंस कॉलोनी कैलाश अस्पताल और पूरन निवासी क्लमेंटटाउन वेलमेड अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि, नारायण निवासी बल्लूपुर, बीना पंवार निवासी गंगा विहार राजीव नगर, सीमा निवासी राजीव नगर, सुरेंद्र निवासी डांडीपुर मोहल्ला तिलक रोड, किशोर निवासी तेग बहादुर रोड, प्रीतम निवासी राजीव नगर और मनोज निवासी दिव्य विहार राजीव नगर घर पर इलाज करवा रहे हैं।
जिला वेक्टर जनित रोग अधिकारी सुभाष जोशी ने जानकारी दी है कि सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है। मरीजों के इलाकों में डेंगू से रोकथाम और बचाव के लिए जरूरी कार्रवाई जारी है। आमजन को जागरूक किया जा रहा है। इस साल जिले में डेंगू के 120 मरीज सामने आ चुके हैं। पहले के मरीज ठीक हो चुके हैं। डेंगू प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में नगर निगम, नगर पालिका परिषद और आशा वर्कर्स की तरफ से प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर में डेंगू मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए चंद्रेश्वर नगर में डेंगू की रोकथाम और बचाव के लिए एक हफ्ते का सघन अभियान शुरू किया है। इसके तहत फॉगिंग की जा रही है और डेंगू मच्छर के लार्वा का पता लगाकर उन्हें नष्ट किया जा रहा है।

