Site icon Buziness Bytes Hindi

उत्तराखंड के स्वास्थ्य कर्मियों को मुफ्त लगेगी कोरोना वैक्सीन


उत्तराखंड के स्वास्थ्य कर्मियों को मुफ्त लगेगी कोरोना वैक्सीन

प्रदेश के 93 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को मिलेगा लाभ
टीकाकरण के पहले चरण में करीब 24 लाख लोगों को लगेगी वैक्सीन

देहरादून। कोरोना की वैक्सीन भले ही अभी न आयी हो लेकिन उत्तराखंड सरकार ने टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली है। सरकार ने इस दिशा में तत्परता दिखाते हुए टीकाकरण के लिये वैक्सीनेशन बूथ से लेकर वैक्सीन की कोल्ड चेन तक के लिए सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य कर्मियों को सबसे पहले कोरोना की वैक्सीन दी जायेगी। उत्तराखंड सरकार ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में लगाने का निर्णय लिया है।

उत्तराखं डमें कोरोना संक्रमण की रफ्तार सरकार को परेशान किये हुए है। ऐसे में जनवरी में कोरोना की वैक्सीन आने की उम्मीद ने शासन-प्रशासन को ऊर्जावान कर दिया है। उत्तराखंड सरकार ने कोराना वैक्सीन के टीकाकरण के लिये तैयारियां शुरू कर दी हैं। कोरोना वैक्सीन के लिये आवश्यक कोल्ड चेन तैयार करने से लेकर वैक्सीनेशन बूथ बनाने तक तैयारियां की जा रही हैं। कोरोना संक्रमण से सीधा मुकाबला करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सरकार ने अपनी प्राथमिकता में रखा है। उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के 93 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन मुफ्त में लगाने का निर्णय लिया है। सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगायी जायेगी।

पहले चरण में करीब 24 लाख लोगों को लगेगी वैक्सीन
कोरोना टीकाकरण के पहले चरण में उत्तराखंड के 93 हजार से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों सहित करीब 24 लाख (20 प्रतिशत) लोगों को कोरोना वैक्सीन लगायी जाएगी। देहरादून में वैक्सीन के लिए मुख्य वैक्सीन स्टोर बनाया जाएगा। साथ ही अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर और श्रीनगर में तीन रीजनल वैक्सीन स्टोर बनाए जा रहे हैं। मतदान केंद्रों की तरह बनाये जाने वाले वैक्सीनेशन बूथ पर 100 लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। टीकाकरण पर निगाह रखने के लिये प्रत्येक वैक्सीनेशन बूथ पर दो वैक्सीनेटर और दो डीईओ नियुक्त किये जायेंगे। तीन कमरे वाले वैक्सीनेशन बूथ में एक कमरा वेटिंग एरिया, दूसरा वैक्सीनेशन एरिया और तीसरा ऑब्जर्वेशन एरिया होगा। वहीं बूथ पर आने वाले लोगों को इंटरनेट, पीने का पानी, बिजली आदि की सुविधा प्रदान की जायेगी।

Exit mobile version