Site icon Buziness Bytes Hindi

Hasin Jahan Appeal: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने पीएम मोदी से मांगा इंसाफ

मुरादाबाद। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और उनकी पत्नी हसीन जहां का विवाद खत्म नहीं हुआ है। क्रिकेटर मोहम्मद शमी पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं अब एक बार फिर से हसीन जहां चर्चाओं में आ गई हैं। हसीनजहां ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर भारतीय जनता पार्टी के अकाउंट पर पोस्ट शेयर की है। हसीन जहां ने पोस्ट के जरिए सीधे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सरकार के बेटी बचाओ.बेटी पढ़ाओ मुहिम के तहत खुद के लिए और अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग की। बता दें कि वेस्ट बंगाल की रहने वाली हसीनजहां का निकाह क्रिकेटर मोहम्मद शमी से हुआ था। शमी अमरोहा जिले के जोया ब्लॉक के सहसपुर अलीनगर गांव के रहने वाले हैं। दोनों के एक बच्ची है। जिसे लेकर मोहम्मद शमी अक्सर पोस्ट करते रहते हैं। लेकिन पिछले साढ़े चार साल से मोहम्मद शमी और हसीन जहां के बीच विवाद चल रहा है। हसीनजहां विवाद के बाद ससुराल जाकर कई बार हंगामा कर चुकी हैं। उसके बाद से दोनों के बीच दूरियां पूरी तरह से बरकरार हैं। केस अदालत में चल रहा है। लेकिन उसके बावजूद दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर  तो चलते रहते हैं।

हसीनजहां विवाद शुरू होने के बाद से शमी के परिवार और अमरोहा प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाती रहीं है। इसी के चलते हसीन जहां ने भाजपा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कमेंट बॉक्स में पोस्ट करके अपना दर्द साझा किया। इसके साथ उन्होंने सीधे पीएम मोदी से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मुहिम के तहत इंसाफ की मांग की है। हसीनजहां अपने पति मोहम्मद शमी पर कई तरह के संगीन आरोप लगा चुकी हैं। हसीन जहां का आरोप है कि शमी से अलग होने के बावजूद घर खर्च नहीं मिल रहा है। इसी के साथ वह शमी पर तलाक लेने की बात करने के आरोप लगा चुकी है। जबकि मोहम्‍मद शमी हमेशा हसीनजहां के आरोपों को नकारते रहे हैं।

Exit mobile version