पहले अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ और अब इंग्लैंड के खिलाफ टीम में जिस एक खिलाड़ी का नाम न होने पर सबसे ज़्यादा चर्चा है वो है ईशान किशन, यहाँ तक कि इंग्लैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों के लिए घोषित टीम में यूपी के एक नए खिलाड़ी ध्रुव जुरेल का नाम शामिल हो गया मगर ईशान किशन का नाम नदारद। बाते तो पिछले कई दिनों से चल रही थी ईशान को लेकर कि उनके खिलाफ डिसिप्लिनरी इशू है, इस बात को बल तब और मिला जब टेस्ट टीम में तीन विकेटकीपर शामिल हो गए. टीम की घोषणा के बाद सवाल फिर उठने लगे.
दो दिन पहले ही कोच राहुल द्रविड़ से ईशान किशन को लेकर सवाल पूछा गया था कि क्या उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है, जिसपर द्रविड़ ने इंकार करते हुए कहा था कि उन्हें नहीं मालूम कि ईशान किशन टीम के लिए उपलब्ध हैं और अगर उपलब्ध हैं तो पहले डोमेस्टिक क्रिकेट खेलकर खुद को साबित करें। द्रविड़ ने कहा कि टीम में सभी को जगह नहीं मिल सकती। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के दौरे से ईशान किशन ने ये कहते हुए आराम लिया था कि वो काफी समय से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं इसलिए थोड़ा आराम चाहते हैं, हालाँकि टीम मैनेजमेंट ऐसा नहीं चाहता था फिर भी ईशान के अनुरोध को मैनेजमेंट ने मान लिया।
अब कहा जा रहा है कि ईशान से डोमेस्टिक खेलने को कहा गया जिसे उन्होंने नहीं माना और इसी वजह से उनके खिलाफ ये कार्रवाई की गयी है, हालाँकि बोर्ड इस बात को कह नहीं रहा है लेकिन जिसने भी द्रविड़ की प्रेस कांफ्रेंस को सुना उसने आसानी से अन्दाजा लगा लिया कि मामला कुछ और ही है। अब जानकारी मिल रही है कि ईशान किशन डोमेस्टिक खेलने के लिए तैयार हो गए हैं और 19 तारीख से झारखंड और सर्विसेज के बीच खेली जाने वाली सीरीज़ में ईशान किशन झारखंड की तरफ से खेलते हुए दिखाई देंगे।