कांग्रेस ने गुरुवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची जारी की। इसके साथ ही अब तक घोषित कांग्रेस उम्मीदवारों की कुल संख्या 86 हो गई है। इससे कुछ ही घंटों पहले कांग्रेस द्वारा 40 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की गयी थी जिसमें पार्टी सांसद रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला को कैथल से टिकट दिया गया है। चौथी सूची में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए एक पत्रकार को रानिया से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने उकलाना सहित चार सीटों के लिए अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
पार्टी ने अंबाला कैंट से परिमल पारी, पानीपत ग्रामीण से अपने युवा नेता सचिन कुंडू, नरवाना (एससी) सीट से सतबीर डबलैन और तिगांव से रोहित नागर को मैदान में उतारा है। पत्रकार सर्व मित्र कंबोज हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख उदय भान की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। उन्हें सिरसा जिले की रानिया सीट से मैदान में उतारा गया है। इस सीट से भाजपा सरकार में ऊर्जा एवं जेल मंत्री रहे रंजीत चौटाला विधायक थे.
कांग्रेस पार्टी ने हरियाणा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत की थी, लेकिन दोनों पक्षों की ओर से कड़ी सौदेबाजी के बाद गतिरोध पैदा हो गया था। तब से आप ने अपने उम्मीदवारों की कई सूचियां जारी की हैं। कुछ कांग्रेस नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति जताई थी। गुरुवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। कांग्रेस ने पिछले सप्ताह चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों की घोषणा की थी, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, राज्य इकाई के प्रमुख उदय भान को होडल और पहलवान विनेश फोगट को जुलाना से मैदान में उतारा था। पार्टी ने पहले 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की और थोड़ी देर बाद एक बयान में कहा कि सीईसी ने इसराना (एससी) निर्वाचन क्षेत्र से बलबीर सिंह की उम्मीदवारी को मंजूरी दे दी है।
इसने रविवार को नौ उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने अपने सभी 28 विधायकों को फिर से उम्मीदवार बनाया है। हुड्डा, भान और फोगट के अलावा, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ लाडवा से मेवा सिंह को भी मैदान में उतारा है। हरियाणा में विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को होंगे और वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।
