देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री को लेकर एक बार फिर से राजनैतिक अटकलों का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेताओं से गत दिनों हुई मुलाकातों ने इन बातों को बल दे दिया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (Harish Rawat) भाजपाई हो सकते हैं। इसी को लेकर उत्तराखंड के सियासी फिजाओं में सवाल तैर रहा है। राजनैतिक हलकों में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एक बार फिर चर्चाओं में हैं। लेकिन इन सभी चर्चाओं को उन्होंने खुद यह कहकर विराम दिया कि अब इस बुढ़ापे में दल बदलने के बारे में सोचना गलत है।
Read also: Uttarakhand News: हरीश रावत के घर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी को गरमाई पहाड़ की सियासत
कभी भाजपाई रहे और अब कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के घर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत अन्य भाजपा नेता और भाजपा सरकार के मंत्री पहुंचकर मुलाकात कर चुके हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी हरीश रावत के घर गए थे और मुलाकात की थी। दोनों ने इस मुलाकात को शिष्टाचार बताया था। पत्रकारों से बातचीत में हरीश ने खुद को एक घायल योद्धा बताया। हरीश रावत ने कहा कि महाभारत युद्ध के दौरान भी विपक्षी लोग घायल योद्धा को देखने खेमे में आते थे। उसी तरह से विपक्षी भाजपा नेता उनसे मिलने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस युद्ध यानी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी खुद घायल हुए हैं। दोनों घायल योद्धाओं ने अपने-अपने घावों को साझा किया है।

