हरीश रावत सहित परिवार के चार लोगों हुए कोरोना पाॅजिटिव
देहरादून। कोरोना संक्रमण से ग्रसित उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत की तबियत बिगड़ने के बाद उनको दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया है। हरीश रावत को एयर एंबुलेंस के जरिये दिल्ली लाया जायेगा। हालांकि उनके हालात स्थिर बतायी जा रही है और उनकी जांच के लिये उनको दिल्ली रैफर करने की बात कही जा रही है।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित उनके परिवार को चार सदस्य कोरोना संक्रमित हो गये थे। बुधवार को हरीश रावत ने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी देते हुए ट्विट किया था, ‘मैंने अपना, अपनी पत्नी, बेटी, सुमित रावत और पूरन रावत का टेस्ट करवाया था, हम सभी लोग संक्रमित मिले हैं।’
सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को आज सुबह दून अस्पताल लाया गया था। लेकिन उनका बुखार कम न होने और उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि हरीश रावत को एयर एंबुलेंस के जरिये दिल्ली लाकर एम्स में भर्ती कराया जायेगा।
हरीश रावत के कोरोना संक्रमित पाये जाने से कांग्रेस संगठन में हलचल मची हुई है। दरअसल पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत दो दिन पहले डीएवी काॅलेज में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए थे जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लेकर कार्यकर्ता तक मौजूद थे। वहीं पंजाब के प्रभारी हरीश रावत पंजाब के दौरे से लौटने के बाद कोटद्वार, जयहरीखाल समेत कई जगह कांग्रेस के सम्मेलनों में भी शामिल हुए थे। ऐसे में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनके संपर्क में आये होंगे। इन कार्यक्रमों में शामिल हुए कांग्रेसियों में हड़कंप मचा हुआ है।

