कोरोना संक्रमण के चलते 1 से 30 अप्रैल तक होगा मेले का आयोजन
इस साल महाकुंभ पर नहीं चलाई जायेगी कोई भी स्पेशल ट्रेन
हरिद्वार। कोरोना संक्रमण का असर कुंभ मेला पर भी पड़ा है और इस साल हरिद्वार में होेने वाला महाकुंभ सिर्फ 30 दिनों का होगा। वहीं इस साल महाकुंभ के अवसर पर किसी भी स्पेशल ट्रेन का संचालन नहीं किया जायेगा। बिना पंजीकरण कराये और आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट लाये बिना किसी श्रद्धालु को हरिद्वार में स्नान के लिए एंट्री नहीं दी जाएगी। वहीं स्नान के लिए आने वाले और आश्रम में रुकने वाले श्रद्धालुओं को शर्तों का पालन करना होगा।
कोरोना संक्रमण के चलते हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेला को लेकर तमाम सर्तकताएं बरतीं जा रहीं हैं। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुंभ मेला को लेकर एसओपी जारी की जा चुकी है। वहीं जैसा की उम्मीद थी इस साल कुंभ मेला का समय कम करते हुए सिर्फ 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक निर्धारित कर दिया गया है। राज्य के मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने इस संबंध में जानकारी देते हुए मेला में कोविड गाइडलाइन का पूर्णतया पालन कराने की बात कही है।
नहीं चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, श्रद्धालुओं को होगी परेशानी
कुंभ मेला में स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को इस बार स्पेेशल ट्रेन की सुविधा नहीं मिलेंगी । कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रखने के लिये रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर स्पेशल ट्रेन न चलाये जाने की मांग पहले ही की जा चुकी है। इससे हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होना स्वाभाविक है। हालांकि हरिद्वार से वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं के लिये परिवहन व्यवस्था करने के दावे किये जा रहे हैं। मुख्य सचिव ओम प्रकाश के अनुसार महाकुंभ में काम करने वाले कर्मचारियों और व्यापारियों को 1 अप्रैल से पहले कोरोना वैक्सीन लगा दी जायेगी कुंभ मेला की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर दी जायेंगी।

श्रद्धालुओं पर रहेगी पाबंदियां
कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के साथ आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट लेकर आना अनिवार्य किया गया है। वहीं कोविड-19 की निगेटिव रिपोर्ट के बिना आश्रम में भी श्रद्धालुओं को रूकने नहीं दिया जायेगा। एंट्री पास और हाथ पर स्याही का मार्क लगा होने पर ही श्रद्धालु को आश्रम में प्रवेश मिल सकेगा। आश्रम और धर्मशाला में थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर की व्यवस्था होना जरूरी है। गंगा मंे स्नान के लिये मात्र 20 मिनट का समय मिलेगा।

