Site icon Buziness Bytes Hindi

बजट से पहले नार्थ ब्लॉक में हलवा सेरेमनी का आयोजन

halwa

23 जुलाई को मोदी 3.0 का पहला बजट पेश होने वाला है, लेकिन उससे पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज नॉर्थ ब्लॉक में हलवा सेरेमनी का आयोजन किया। परंपरा के अनुसार केंद्रीय बजट 2024 के लिए बजट तैयार करने की प्रक्रिया के अंतिम चरण के रूप में आज नॉर्थ ब्लॉक में निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में हलवा सेरेमनी का आयोजन किया गया है। हर साल बजट से पहले हलवा सेरेमनी आयोजित करने की परंपरा है। हलवा सेरेमनी बजट के डॉक्यूमेंटेशन के बाद मनाई जाती है।

यह सेरेमनी बजट प्रेस में मनाई जाती है जो नॉर्थ ब्लॉक में नीचे बेसमेंट में है। इसमें बड़ी कढ़ाई में हलवा बनाया जाता है और सभी लोग इसे खाते हैं। इस सेरेमनी में वित्त मंत्री और वित्त मंत्रालय के सभी अधिकारी शामिल होते हैं। हलवा सेरेमनी के बाद बजट की छपाई शुरू होती है। हलवा बनने के बाद बजट छापने वाले 100 से ज्यादा कर्मचारी और अधिकारी वहीं रहते हैं। ये लोग 10 दिनों तक नॉर्थ ब्लॉक के बेसमेंट में रहते हैं। ये लोग वित्त मंत्री के बजट भाषण के बाद ही बेसमेंट से बाहर आते हैं। यह नियम इसलिए है ताकि बजट से जुड़ी कोई जानकारी लीक न हो।

हलवा सेरेमनी बजट की तैयारी पूरी होने के बाद और वित्त मंत्री के बजट भाषण से पहले होती है। जब बजट बनाने में लगे लोगों की कई दिनों की मेहनत रंग लाती है तो उत्साह का माहौल होता है। भारतीय परंपरा में कोई भी अच्छा काम होने पर मिठाई खाने और खिलाने की परंपरा है। बजट बनाने में लगे अधिकारियों का हलवा खिलाकर मुंह मीठा कराया जाता है। कोरोना महामारी प्रोटोकॉल के मद्देनजर साल 2022 में हलवा सेरेमनी नहीं मनाई गई। उस साल बजट का दस्तावेजीकरण नहीं किया गया। बल्कि इसे डिजिटल तरीके से पेश किया गया। उस समय हलवा सेरेमनी की जगह मिठाई बांटी गई।

Exit mobile version