Site icon Buziness Bytes Hindi

हाल-ए-मेडिकलः मरीज को लगी धूप तो हाथ की छतरी से दी छाया


हाल-ए-मेडिकलः मरीज को लगी धूप तो हाथ की छतरी से दी छाया

तपती धूप में आवाजाही करने से मरीज हो रहे हैं बेहाल
भर्ती कराने से लेकर जांच के लिये भी भटकना पड़ता हैै मरीज को

मेरठ। चिलचिलाती धूप, गर्मी के बीच भर्ती कराने से लेकर जांच कराने तक तीमारदार अपने मरीज को लिये इधर-उधर भटकते दिखते हैं। सिर पर आयी धूप मरीज को बेहाल कर देती है और मेडिकल काॅलेज में आये मरीज के साथ उसके तीमारदार भी परेशान होते हैं। मगर बेबसी का आलम यह कि वह चाह कर भी इन हालात से निजात हासिल नहीं कर पाते।

शनिवार को मेडिकल काॅलेज में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने लोगों को भावविह्वल कर दिया। तपती दोपहरी में स्ट्रेचर पर जांच के लिये जाते मरीज को धूप से बचाने के लिये तीमारदार उसके चेहरे पर हाथ की छतरी बनाकर छांव देते दिखे। स्ट्रेचर पर लेटा मरीज पसीने से तर-बतर हो चुका था। पहले से ही बीमार होने के कारण उससे गर्मी बर्दाश्त भी नहीं हो रही थी। उसकी हालत देखकर तीमारदार भी परेशान थे मगर वह चाह कर भी कुछ कर पाने में असमर्थ थे।

वहीं लोगों का कहना है कि तपती दोपहर में मरीज को जांच कराने के लिये ले जाने से बेहतर है कि सुबह और शाम को ही मरीजों की जांच करायी जाये। स्ट्रेचर को ढकने की व्यवस्था हो जाये तो मरीजों को परेशानी से भी बचाया जा सकता है। लेकिन सवाल यह है कि क्या मेडिकल काॅलेज प्रबंधन का ख्याल इस ओर जायेगा और वह मरीजों की परेशानी को दूर करने के लिये कोई कदम उठायेगा।

Exit mobile version