दिल्ली में आप नेताओं के घरों और ठिकानों पर छापों के बाद अब आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद दफ्तर पर गुजरात पुलिस ने छापा मारा है. वहीं गुजरात पुलिस ने ऐसी किसी बात से अनभिग्यता जताई है, पुलिस का कहना है कि कोई छापा नहीं मारा गया है. इस कथित रेड को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात में AAP को मिल रहे जनसमर्थन से बीजेपी दरअसल बौखला गई है. और इसी के कारण वो इस तरह का कदम उठा रही है.
अरविंद केजरीवाल ने इस कथित रेड पर अपने ट्वीट कर लिखा कि गुजरात की आम आदमी पार्टी को जनता से मिल रहे अपार समर्थन से बीजेपी बुरी तरह बौखला गई है. केजरीवाल ने कहा कि AAP के पक्ष में पूरे गुजरात में आंधी चल रही है. दिल्ली के बाद केंद्र के इशारे पर अब गुजरात में भी भाजपा सरकार ने रेड करनी शुरू कर दी. AAP के नेशनल कन्वीनर ने कहा कि इन्हें दिल्ली में कुछ नहीं मिला और गुजरात में भी इन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा. केजरीवाल ने कहा कि हम कट्टर ईमानदार और देशभक्त लोग हैं. बता दें कि केजरीवाल दो दिन के गुजरात दौरे पर हैं.
रेड की सूचना आम आदमी पार्टी नेता इसुदान गढ़वी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर दी, गढ़वी ने लिखा कि AAP दफ्तर पर गुजरात पुलिस ने 2 घंटे की रेड की लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला. गढ़वी ने बताया कि पुलिस ने फिर आने को कहा है. AAP दफ्तर पर हुई इस रेड पर मनीष सिसोदिया ने लिखा कि गुजरात चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, भाजपा का वैसे-वैसे डर भी बढ़ता जा रहा है. सिसोदिया ने पूछा कि भाजपा केजरीवाल से इतना डर्टी क्यों है?” बता दें, इसी साल के अंत तक गुजरात विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं. 27 साल से सत्ता का सुख भोग रही भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस और AAP चुनावी रण में बिगुल बजाने को तैयार हैं.

