Gujarat Chunavi Dangal: गुजरात पहुंचे डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, छह दिन रैली और यात्राओं से साधेंगे संपर्क

गुजरात चुनावGujarat Chunavi Dangal: गुजरात पहुंचे डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, छह दिन रैली...

Date:

अहमदाबाद। गुजरात में चुनाव की तारीख नजदीक आने पर राजनीतिक गहमागहमी जोर पकड़ रही है। आम आदमी पार्टी ने अपना पूरा जोर गुजरात विधानसभा चुनाव में लगा दिया है। सीएम अरविंद केजरीवाल के बाद अब डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी गुजरात में डेरा डाले हुए हैं। अरविंद केजरीवाल कभी टाउन हाल में लोगों को पार्टी से जोड़ते हैं तो मनीष सिसोदिया रैली और यात्राएं कर लोगों से संपर्क साधने की कोशिश में हैं। आम आदमी पार्टी इस बार चुनाव में सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने के लिए तैयारी कर रही है।
आज बुधवार को डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में डिप्टी सीएम ने लिखा कि आज गुजरात आ रहा हूं। अगले 6 दिन में गुजरात के कई इलाकों से यात्रा निकालेंगे व लोगों से संवाद करेंगे। उन्होंने लिखा है कि 27 साल के कुशासन ने गुजरात को न स्कूल दिए, न अस्पताल, न रोजगार। अब जनता के लिए एक बेहतर कल की उम्मीद है। गुजरात को अब बस परिवर्तन चाहिए।

इससे पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपके बच्चों को अच्छी शिक्षा देने की बात कर रहा हूं तो ये नेता मुझे गालियां देते हैं। ये दूसरी पार्टियों के नेता गुजरात के बच्चों को अनपढ़ रखना चाहते हैं जिससे कि उनका वोट-बैंक बना रहे। आम आदमी पार्टी बच्चों का भविष्य और एक समृद्ध भारत बनाना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार के कर्मचारियों की मांग है कि पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए। भगवंत मान ने पंजाब में पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने की तैयारी के निर्देश दिए हैं। हम गुजरात में सरकार बनने के बाद पुरानी पेंशन स्कीम लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि अब भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियां साथ हो गई हैं। उन्होंने दिल्ली की तरह गुजरात में काम करने की बात कही। बोले कि मैं कहता हूँ कि महंगाई दूर करेंगे, अच्छे स्कूल-अस्पताल बनाएंगे। प्रदेश में बिजली सस्ती करेंगे। लेकिन भाजपा और कांग्रेस पार्टियां नहीं चाहती हैं कि गुजरात में ये सब कुछ हो। इसलिए ये चुनाव में बड़े-बड़े नेता उतारेंगे और उनको गालियां देंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी चाहती है कि देश का हर बच्चा पढ़े और आगे बढ़े तभी भारत तरक्की करेगा।

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related