Site icon Buziness Bytes Hindi

Gujarat Chunavi Dangal: कांग्रेस की 6ठी सूची जारी, जिग्नेश बने वडगाम से प्रत्याशी

jignesh mevani

उम्मीदवारों के नामों की घोषणा में सबसे फिसड्डी रही कांग्रेस पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए अपनी 6ठी सूची जारी कर दी है, इस सूची में 33 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है, सूची के मुताबिक दलित नेता जिग्नेश मेवाणी वडगाम सीट से मैदान में उतरे हैं. जिग्नेश मेवाणी इसी सीट से मौजूदा विधायक है, पिछले चुनाव उन्होंने आज़ाद उम्मीदवार के तौर पर जीता था. इस तरह कांग्रेस पार्टी ने अबतक 142 उम्मीदवारों की घोषणा की है, अभी भी 40 नामों का एलान होना बाक़ी है, जबकि दूसरे चरण के लिए नामांकन की आखरी तारिख 17 नवम्बर है. वहीँ भाजपा ने अबतक 181 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, उसकी तरफ से अब सिर्फ एक सीट के लिए उम्मीदवार घोषित करना बाकी है.

अबतक 142 उम्मीदवारों के नामों का एलान

कांग्रेस पार्टी ने इससे पहले कल सुबह अपनी पांचवीं लिस्ट में 6 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया था. इस लिस्ट में जामनगर ग्रामीण से जीवन कुंभरवादिया, मोरबी से जयंती जेराजभाई पटेल, राजकोट पश्चिम से मनसुखभाई कलारिया, ध्रांगधरा से छतरसिंह गुंजारिया और गरियाधर से दिव्येश चावड़ा को टिकट दिया गया है. वहीँ कल शाम को जारी हुई छठी लिस्ट में मानसा से ठाकोर मोहनसिंह, जमालपुर-खड़िया से इमरान खेड़ावाला, कलोल से बलदेवजी ठाकोर, दाभोई से बाल किशन पटेल और अंकलव से अमित चावड़ा को उम्मीदवार बनाया है.

गुजरात की राजनीति में प्रभावशाली दलित चेहरा हैं जिग्नेश मेवाणी

बता दें कि जिग्नेश मेवाणी गुजरात की राजनीति में एक प्रभावशाली दलित चेहरा हैं. पिछले चुनाव में आज़ाद उम्मीदवार के रूप में उन्होंने वडगाम से चुनाव लड़ा था और कामयाबी हासिल की थी, उन्हें तब भी कांग्रेस पार्टी का समर्थन मिला था. पिछले साल सितंबर में उन्होंने कांग्रेस को अपना समर्थन दिया था, हालाँकि उन्होंने पार्टी ज्वाइन नहीं की थी, मेवाणी इस समय गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं. पिछले चुनाव के समय जिग्नेश मेवानी, हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकुर बड़ी चर्चा में थे, हालाँकि इनमें से हार्दिक और अल्पेश अब कांग्रेस का साथ छोड़ भाजपा के खेमे में जा चुके हैं.

Exit mobile version