देहरादून। चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुगण अभी से वाहन की बुकिंग से लेकर होटल और गेस्ट हाउस बुक करा चुके हैं। जिन लोगों ने अभी तक वाहन और होटल नहीं बुक कराए हैं। उन्हें इसके लिए परेशानी उठानी पड़ सकती है। यात्रा शुरू नहीं हुई है और चारों धाम की यात्रा के लिए सभी वाहन बुक हो गए हैं। यहां तक की चार धाम की यात्रा संयोजक जीएमवीएन के अधिकतर गेस्ट हाउस बुक हैं।
श्रद्धालुओं को अब वाहन बुकिंग के लिए 15 दिन बाद का समय मिल रहा है। गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट तीन मई को खुलेंगे। केदारनाथ के कपाट छह मई को और आठ मई को बदरीनाथ के कपाट खुलेंगे। हेमकुंड साहिब के कपाट 22 मई को खोले जाएंगे।
Read also: आध्यात्मिक स्मार्ट हिल टाउन बनेगा बदरीनाथ धाम आईओसीएल ने दिए 24.51 करोड़
चारधाम यात्रा के लिए जीएमवीएन के करीब 25 गेस्ट हाउस मई तक के लिए बुक हो चुके हैं। चारधाम टूर से संबंधित पैकेज में नौ दिन का पैकेज 31,500 रुपये का है। जिसमें पार्किंग और पांच प्रतिशत जीएसटी अलग है। इसमें चारों धाम में ड्राइवर लेकर जाएगा। बस का टूर पैकेज अलग से है। चार धाम के लिए इनोवा भी बुक हो चुकी हैं।
यमुनोत्री, बड़कोट, हनुमान चट्टी, जानकी चट्टी, फूलचट्टी, गंगोत्री, उत्तरकाशी, हर्षिल,मनेरी, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग, रामपुर,गुप्तकाशी, गौरीकुंड, सोनप्रयाग, स्वर्गारोहिणी और बदरीनाथ में कर्णप्रयाग, जोशीमठ,पीपलकोटी के सभी गेस्ट हाउस इस समय मई तक के लिए बुक हो चुके हैं।
