Site icon Buziness Bytes Hindi

कठुआ में सैन्य ट्रक पर ग्रेनेड से हमला, 5 जवान शहीद

kathua

जम्मू संभाग के कठुआ जिले के बिलावर क्षेत्र में सोमवार को आतंकवादियों ने एक सैन्य ट्रक पर ग्रेनेड से हमला किया, जिसमें सेना के पांच जवान शहीद हो गए और पांच अन्य घायल हो गए। घायल जवानों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिलावर के लोहाई मल्हार ब्लॉक के मछेड़ी इलाके के बदनोटा गांव में सेना के ट्रक पर आतंकी हमला हुआ। आतंकियों ने सेना के वाहन पर ग्रेनेड फेंके और पहाड़ी की चोटी से उस पर फायरिंग की। जवानों ने जवाबी कार्रवाई की और इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई। सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अतिरिक्त बलों द्वारा जंगल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

अतिरिक्त डीजीपी (जम्मू रेंज) आनंद जैन ने कहा, “कठुआ जिले के मछेड़ी इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी जारी है। आतंकवादी हमले में दो जवानों के घायल होने के बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।” अधिकारियों ने बताया कि घटना में पांच जवान शहीद हो गए हैं। जिले में यह हमला 12 जून को कठुआ जिले के हीरानगर इलाके में सीआरपीएफ के एक जवान के शहीद होने और दो पाकिस्तानी आतंकवादियों के मारे जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है।

कल जम्मू के राजौरी जिले में हुए आतंकवादी हमले में सेना का एक जवान घायल हो गया और कुलगाम मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। कश्मीर में भी छह आतंकवादियों को मार गिराया गया। पिछले कुछ हफ्तों में जम्मू क्षेत्र में आतंकवादी हमलों में खास तौर पर बढ़ोतरी हुई है। जम्मू के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों की बस पर 9 जून को आतंकवादियों ने हमला किया था जिसमें 9 लोगों की मौत हो गयी थी 41 घायल हो गए थे।

छत्तरगल्ला में संयुक्त जांच चौकी पर आतंकवादियों के हमले में छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे, जबकि 12 जून को गंडोह इलाके में कोटा टॉप पर आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी घायल हो गया था। 26 जून को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकवादी मारे गए थे।

हमलों के बाद सुरक्षा बलों ने अपने आतंकवाद विरोधी अभियान तेज कर दिए हैं और चार पाकिस्तानी आतंकवादियों के लिए 5-5 लाख रुपये का नकद इनाम घोषित किया है, जिनके बारे में माना जाता है कि वे घुसपैठ करके जिले में सक्रिय थे।

Exit mobile version