Site icon Buziness Bytes Hindi

किसानों की बात सुने सरकार : प्रियंका


किसानों की बात सुने सरकार : प्रियंका

नयी दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि किसान नये कृषि कानूनों से उपजे संकट के कारण आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को अपनी जवाबदेही का निर्वहन करते हुए उनसे बात करनी चाहिए।

प्रियंका गांधी ने बिना नाम लिए मोदी सरकार को जमकर घेरा है। बीजेपी नेताओं की ओर से किसानों को आतंकी, चीनी एजेंट बताने वालों को प्रियंका गांधी ने जवाब दिया है। प्रियंका गांधी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि किसानों के लिए वे लोग जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसा करना पाप है। केंद्र सरकार किसानों की इस स्थिति के लिए जवाबदेह है। प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और कानून वापस लेना चाहिए। किसान आंदोलन को साजिश बताने को भी उन्होंने गलत करार दिया है।

प्रियंका वाड्रा ने कांग्रेस स्थापना के 135 वर्ष पूरे होने पर यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित समारोह में हिस्सा लेने के बाद पत्रकारों से कहा कि सरकार को किसानों से बात करनी चाहिए, उनकी बात सुननी चाहिए और किसान विरोधी तीनों कानून वापस लेना चाहिए।

कांग्रेस ने आज अपनी स्थापना के 135 साल पूरा होने के अवसर पर यहां एक कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें प्रियंका वाड्रा सहित पार्टी के कई बड़े नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान ध्वज फहराया गया और सभी नेताओं ने मिलकर राष्ट्रगान गाया।

Exit mobile version