All india bullion and jewellers association (IBJA) के अनुसार, लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रहने से सोने और चांदी की कीमतों ने बुधवार को दिल्ली में नए रिकॉर्ड उच्च स्तर को पार कर लिया जिसका मुख्य कारण त्योहारी और शादी के मौसम की मांग है।
सोने के दाम में 500 रूपये का इज़ाफ़ा हुआ है और अब 10 ग्राम गोल्ड की कीमत बढ़कर 81,500 रुपये के आल टाइम हाई पर पहुंच गई वहीँ सिल्वर में भी 1,000 रुपये का इज़ाफ़ा हुआ है और अब चांदी 1.01 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 1.02 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले छह कारोबारी सत्रों की बात करें तो चांदी के दाम 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गए हैं। सोने की कीमत में 16 अक्टूबर से अब तक 2,850 रुपये प्रति 10 ग्राम का इज़ाफ़ा हुआ है।
भौतिक बाजार और एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 1 लाख रुपये तक पहुंचना भारत में मौसमी मांग और पश्चिम एशिया संघर्ष से भू-राजनीतिक जोखिम जैसे कई कारकों का स्पष्ट प्रतिबिंब है। जुलाई में, सरकार द्वारा सोने और अन्य धातुओं पर मूल सीमा शुल्क में कटौती के बाद स्थानीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में 7 प्रतिशत की तीव्र गिरावट आई। हालांकि, चल रहे त्योहारों, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों और भू-राजनीतिक तनावों के कारण भारतीय उपभोक्ताओं की मांग बढ़ने से सर्राफा की कीमतों में उछाल आया।
MCX पर वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध 112 रुपये बढ़कर 78,768 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए। कॉमेक्स में सोने की कीमतों में बढ़त के कारण सोना 2,750 डॉलर के करीब पहुंच गया। इससे MCX पर सोने को 78,750 रुपये से ऊपर रहने में मदद मिली है। इसके अलावा, आगामी अमेरिकी राष्ट्रपति चुनावों के नतीजों को लेकर अनिश्चितता सोने की कीमतों को ऊंचा रखने में भूमिका निभा रही है। इस बीच, दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी के अनुबंध 456 रुपये गिरकर 99,516 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहे थे। वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स गोल्ड वायदा 0.17 प्रतिशत बढ़कर 2,764.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
