Site icon Buziness Bytes Hindi

Javelin Throw: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड ब्वाय नीरज चोपड़ा ने सोने पर लगाया निशाना

Neeraj Chopra Javelin Throw

Neeraj Chopra Javelin Throw: नीरज चोपड़ा ने देश के लिए पहली बार विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता है। यह खिला​ड़ी ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और डायमंड लीग में चैंपियन बनने के बाद अब वर्ल्ड चैंपियन भी बन गया है। भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर से इतिहास रचा है। नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।

हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट नेशनल एथलेटिक्स सेंटर में नीरज चोपड़ा ने जेवलिन थ्रो इवेंट में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। फाइनल में कुल छह राउंड होते हैं। नीरज ने दूसरे राउंड में 88.17 मीटर का थ्रो दिया था। इसके बाद से वह अंक तालिका में लीड बनाए थे और अंत तक यह लीड बनी रही। नीरज चोपड़ा इस टूर्नामेंट से पहले सिर्फ विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ही गोल्ड मेडल नहीं जीत पाए थे। लेकिन अब उनकी झोली में इसका गोल्ड मेडल भी है।

चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने कांस्य पदक जीता

नीरज के छह अटेम्प्ट फाउल, 88.17 मीटर, 86.32 मीटर, 84.64 मीटर, 87.73 मीटर और 83.98 मीटर के रहे। जबकि पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 87.82 मीटर के थ्रो के साथ रजत जीता है। चेक रिपब्लिक के जाकुब वेदलेच ने 86.67 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता है। नीरज के साथ फाइनल में भारत के दो अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना थे।

डीपी मनु छठवें स्थान पर

किशोर 84.77 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे और डीपी मनु 84.14 मीटर के बेस्ट थ्रो के साथ छठवें स्थान पर रहे। नीरज चोपड़ा ने अपने छठे राउंड में 83.98 मीटर का थ्रो किया। किशोर का छठा अटेम्प्ट फाउल का रहा। डीपी मनु ने 84.14 मीटर का थ्रो किया। यह उनका अब तक का फाइनल में सबसे बेस्ट थ्रो रहा है। छठे अटेम्प्ट के बाद नीरज ने डीपी मनु और किशोर जेना को गले लगाया और वह बेहद खुश नजर आए।

Exit mobile version