सीसीएसयू के दीक्षा समारोह में उपमुख्यमंत्री ने मेधावियों को दिये मेडल
कहा, मेहनत करें लड़के वरना यूपी में भी मनाना होगा अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस
मेरठ। महिला दिवस के ठीक एक दिन बाद सीसीएसयू के दीक्षा समारोह में वितरित किये गये मेडलों में 80 फीसद मेडल लड़कियों के नाम रहे। दीक्षा समारोह में पहुंचे उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि सीसीएसयू में 80 फीसद मेडल लड़कियों के नाम होना महिला दिवस की मजबूती को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि विवि में स्टूडेंट्स को मेहनत करने की जरूरत है, नहीं तो यूपी में अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाने की जरूरत पड़ेगी। गौरतलब है कि 19 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस मनाया जाता है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 32वे दीक्षा समारोह में मेधावियों को मेडल वितरित करने के लिये उपमुख्यमंत्री प्रोफेसर दिनेश शर्मा आज सीसीएसयू पहुंचे। कुलाधिपति विवि राज्यपाल उत्तर प्रदेश श्रीमती आनंदी बेन पटेल ने वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उपमुख्यमंत्री प्रोफेसर दिनेश शर्मा द्वारा दीक्षा समारोह के शुभारंभ की घोषणा किये जाने के बाद कुलपति प्रोफेसर एनके तनेजा ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मेडल हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें देश के विकास में योगदान करने को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हम सब प्रयास व स्पर्धा कर तथा तकनीक का उपयोग कर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि भारत एक युवा देश है तथा समाज में परिवर्तन लाने के लिए हिम्मत से आगे बढना होता है। उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय खरखौदा की छात्राओं को फल की टोकरी भेंट की। उपाधि प्राप्तकर्ता छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में कहा कि हम प्रतिज्ञा करते है कि हम आजीवन इस उपाधि के योग्य सिद्ध होंगे।
इन मेधावियों को दिया गया मेडल
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री उ0प्र0 डा0 दिनेश शर्मा ने वर्ष 2020 के लिए मुकुल चौधरी को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, शोभित शर्मा को पूर्व राष्ट्रपति डा. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक, प्रवीण कुमार को चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार, प्रांशु वर्मा को चौधरी चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार प्रदान किया। वहीं निष्ठा,शिवांगी, सुरभि, जैनेन्द्र, रेखा, चिराग,समीरा, सौम्या, विंध्या, असरार, कशिश, अनिका, सचिन, प्रिंस, शगुफ्ता, अपर्णा त्यागी, पूजा कुमारी, शैफाली, स्नेहा, सोनल, शुभा, पूजा कुमारी, नेहा कश्यप, रुचि, शनि, प्रियंका को प्रायोजित पदक दिया गया।
किसान आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रहे हैं कुछ लोग
पत्रकारोें से वार्ता करते हुए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि किसान आंदोलन के नाम पर कुछ लोग राजनीति कर रहे हैं। जिसकी पोल खुल चुकी है। किसानों की आय को वास्तविक रूप से दोगुना करने के लिये ही सरकार ने सारे कानून बनाए हैं। किसान और प्रधानमंत्री मोदी एक दूसरे के पर्याय हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांव को 18 से 20 घंटे बिजली दे रही है। शिक्षा के उन्नयन के लिए लाई गयी नई शिक्षा नीति में प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय में 70 फीसद सिलेबस समान होगा। स्थानीय जरूरत के हिसाब से विश्वविद्यालय 30 फीसद सिलेबस ही बदल सकेंगे। उन्होंने कहा कि सहारनपुर, अलीगढ़, आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय बनना शुरू हो गये हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने यूपी में विश्वविद्यालय खोलने की इच्छा जताई है जिससे छात्रों को देश में रहकर भी विदेशी शिक्षा मिल सकेगी।

