नई दिल्ली। कांग्रेस से आजाद होने के बाद गुलाम नबी आजाद आज जम्मू के सैनिक कालोनी में अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन कर जीवन की नई राजनीतिक पारी की शुरूआत करने जा रहे हैं। गुलाम नबी आजाद नई दिल्ली स्थित अपने निवास स्थान से जम्मू के लिए निकल गए हैं। जम्मू के सतवारी स्थित एयरपोर्ट पर गुलाम नवी आजाद आज रविवार सुबह पहुंचेंगे। तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू पहुंच रहे गुलाम नबी आजाद के भव्य स्वागत के लिए घाटी के नेता और समर्थक पिछले चार दिनों से रैलीस्थल को सफल बनाने के लिए जुटे हैं। जम्मू एयरपोर्ट से लेकर रैली स्थल तक गुलाम नबी आजाद के स्वागत में बैनर लगाए गए हैं। हालांकि इससे पहले शनिवार रात में जम्मू में भारी वर्षा जारी है। लेकिन इसके बावजूद इसके आजाद समर्थक रैली को सफल बनाने के लिए पूरी एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आजाद जम्मू के गांधीनगर स्थित निवास स्थान पर जाएंगे। रैली स्थल में 15 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
Read also: एशिया कप: श्रीलंका ने अफ़ग़ानिस्तान से लिया बदला
आजाद समर्थन में अब तक प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे चुके हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक अशोक शर्मा ने पार्टी को अलविदा कहते हुए आजाद को समर्थन देने की घोषणा की है। युवा कांग्रेसी नेता विशाल चोपड़ा पार्टी को छोड़ कर आजाद के समर्थन करने का एलान कर चुके हैं। कांग्रेस के मढ़ और सतवारी ब्लाक से दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी को छोड़ दिया। चूंकि अगले वर्ष प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में आजाद द्वारा बनाई जाने वाली नई पार्टी कश्मीर केंद्रित राजनीतिक दलों को कड़ी चुनौती दे सकती है। आजाद पूर्ववर्ती राज्य जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उन्हें राजनीति का बहुत लंबा अनुभव है।

