गाजियाबाद। जिले में नर्सिग की एक छात्रा के साथ कैब चालक द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कैब चालक ने दुष्कर्म करने के बाद युवती को मेरठ दिल्ली हाइवे पर फेंक दिया और फरार हो गया। पूरा मामला 30 मई का बताया जा रहा है। लेकिन पुलिस पूरी घटना केा दबाने की कोशिश करती रही। मामला मीडिया के संज्ञान में आने के बाद पुलिस हरकत में आई और पीडित युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी कैब टैक्सी चालक को तलाशने में जुट गई है। वहीं हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे पुलिस खंगालकर कैब चालक की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
बता दें कि मोदीनगर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा से कैब चालक ने दुष्कर्म कर उसको मेरठ मोदीनगर सीमा के पास कादराबाद क्षेत्र में फेंके दिया। युवती किसी तरह से अपने घर पहुंची और उसने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। पीड़िता की थाने में सुनवाई ना होने के बाद वह अधिकारियों से मिली। जिसके बाद अधिकारियों ने पीड़िता केा मोदीनगर थाने भेजा। जहां उसने इस पूरे प्रकरण को लेकर अज्ञात कैब चालक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की है।
Read also: Uttarpradesh News Today: मूर्ति विसर्जन करने जा रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत
दिल्ली लाजपत नगर इलाके में रहने वाली युवती मेरठ के एक कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। युवती को गत 30 मई को दिल्ली एक अस्पताल जाना था। जिसके लिए उसने एक कैब बुक की। जिसमें सवार होकर युवती दिल्ली के लिए चली गई। बताया जाता है कि इसी दौरान रास्ते में कैब चालक ने युवती को कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। जिसके बाद वह बेहोश हो गई। अगले दिन सुबह उसे होश आया तो उसने अपने आपको कादराबाद में एक खेत में अपने आपको पाया। युवती का आरोप है कि कैब चालक ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक में कैब चालक ने नशीला पदार्थ मिलाया हुआ था। जिसको पीने के बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि वह पहले नजदीकी मोहिद्दीनपुर चौकी पहुंची लेकिन उसकी वहां किसी ने नहीं सुनी। उसके बाद वह परतापुर थाने पहुंची। वहां भी उसकी सुनवाई नहीं हुई। परतापुर पुलिस ने मामला मोदीनगर का बताते हुए उसको वापस भेज दिया। जिसके बाद पीड़िता गत गुरुवार शाम थाना मोदीनगर पहुंची और आरोपी कैब चालक के खिलाफ तहरीर दी। मामले की जानकारी देते हुए मोदीनगर एसएचओ मुकेश कुमार ने बताया कि युवती का मेडिकल कराने के बाद दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी कैब की तलाश की जा रही है।

